अररिया में अफसरशाही का तांडव! फारबिसगंज के निजी अस्पताल में डॉक्टर की पिटाई, CCTV फुटेज ने खोली पोल!
अररिया जिले के फारबिसगंज से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां निजी अस्पताल की जांच के दौरान एक डॉक्टर के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसके बाद जिलेभर के चिकित्सकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों की जांच के लिए एक टीम बनाई गई थी। इसी टीम ने फारबिसगंज स्थित नियो एंड चाइल्ड हॉस्पिटल में छापेमारी की। अस्पताल के संचालक डॉ दीपक कुमार ने आरोप लगाया है कि जांच के दौरान टीम में शामिल अधिकारी डॉ राम बाबू ने उनके साथ मारपीट की।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अधिकारी डॉक्टर के केबिन में प्रवेश करते हैं और नाम पूछते हैं। डॉक्टर द्वारा बैठने के लिए कहने के बाद अचानक बहस बढ़ जाती है और हाथापाई शुरू हो जाती है। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। डॉ दीपक कुमार का कहना है कि वह सभी जरूरी कागजात दिखाने के लिए तैयार थे, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ गलत व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि वह कोई झोला छाप डॉक्टर नहीं हैं और इस तरह का बर्ताव बेहद अपमानजनक है।
यह भी पढ़ें: बिहार में रेल यातायात पर बड़ा असर! कई ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले — जानिए पूरी लिस्ट
वहीं, डॉ राम बाबू का कहना है कि उन्होंने कई बार डॉक्टर से नाम पूछा, लेकिन जवाब नहीं मिला, जिससे उन्हें गुस्सा आ गया। हालांकि, इस बात पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या किसी अधिकारी को हाथ उठाने का अधिकार है। घटना के बाद अररिया सहित पूर्णिया और किशनगंज के डॉक्टरों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इस मामले पर सिविल सर्जन डॉ के.के. कश्यप ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।