चेकिंग में रोका गया ट्रक… तलाशी लेते ही उड़ गए होश, निकली हजारों बोतलों की खेप
भोजपुर: जगदीशपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मध्य निषेध एवं उत्पाद विभाग थाना की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक 12 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान धनगाई थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर मोड़ के पास संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर विशेष तरीके से छिपाकर रखे गए कुल 740 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद किए गए। इन कार्टनों में कुल 19,860 बोतलें पाई गईं, जिनकी कुल मात्रा 6,595.56 लीटर आंकी गई है।
यह भी पढ़ें: पप्पू को मिलेगी बेल जाना पड़ेगा जेल? कोर्ट में पेश हुए सांसद तो आया ये फैसला...
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। सभी बोतलें अलग-अलग साइज में पैक थीं, जिससे स्पष्ट होता है कि शराब की खेप को संगठित तरीके से सप्लाई के लिए तैयार किया गया था। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान फारुख अंसारी के रूप में हुई है, जो चिरुडीह गांव, पोस्ट ऑफिस मुडभंगा, थाना दुमका, जिला दुमका (झारखंड) का रहने वाला बताया गया है।
यह भी पढ़ें: BJP-NDA का पुराना मॉडल आया सामने, पप्पू यादव की गिरफ्तारी भड़के राहुल-प्रियंका ने सोशल मीडिया पर...
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह सक्रिय है। उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।