darsh news

मामूली विवाद बना खूनी खेल, ताड़ी का पैसा मांगने पर युवक कर दी गई हत्या

A young man was murdered for demanding money for toddy

भागलपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ताड़ी (नीरा) का पैसा मांगने पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। नशे में धुत आरोपी ने युवक के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सन्हौला थाना क्षेत्र के भीखनचक गांव की बताई जा रही है। मृतक की पहचान एकवारी चौधरी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। इस घटना में मृतक के भाई चुनना चौधरी और भतीजा अंकित कुमार भी घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़ें: थूक चटवाने से नवजात की मौत तक: मोकामा की महिला ने खोले पति की हैवानियत के राज

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी वासुकी मंडल ताड़ी पीने के लिए मृतक के घर के पास पहुंचा था। नीरा पीने के बाद उसने पैसे देने से इनकार कर दिया और खुद को इलाके का “बॉस” बताते हुए गाली-गलौज करने लगा। पहले तो आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया। लेकिन कुछ समय बाद वह दोबारा लौटा और फिर से गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का PM मोदी पर हमला: नरवणे मेमॉयर की किताब बनी देश का मुद्दा - ऐसा क्या है इस किताब में ?

विरोध करने पर आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर एकवारी चौधरी के सीने में वार कर दिया। चाकू इतनी गहराई तक घुसा कि सीने को चीरते हुए पीठ से बाहर निकल गया। गंभीर हालत में घायल युवक को तुरंत सन्हौला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सन्हौला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी वासुकी मंडल को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


Scan and join

darsh news whats app qr