औरंगाबाद: बड़ी खबर औरंगाबाद से है जहां बेटे की शादी के लिए सेहरा खरीद कर घर लौट रहे पिता को कार सवार बदमाश ने गोली मार दी। गोली लगने से घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई और आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना औरंगाबाद के कुटुम्बा थाना क्षेत्र के चिन्तावान बिगहा गांव की है जहां बारात की तैयारी कर रहे एक परिवार में अचानक चीत्कार गूंजने लगा। गोली लगने से जख्मी व्यक्ति की पहचान सुनील कुमार पांडेय उर्फ़ अरुण पांडेय के रूप में की गई।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बाजार से सेहरा खरीद कर स्कूटी से घर लौट रहे व्यक्ति को कार सवार बदमाशों ने पहले पीछे से टक्कर मार कर गिरा दिया फिर गोली मार दी। गनीमत रही कि गोली सर की जगह आंख के नीचे लगी जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बेटे की शादी तय करने के बाद से ही जख्मी व्यक्ति को कोई फोन कर शादी नहीं करने की चेतावनी दे रहा था जिसे उन्होंने नजरंदाज कर दिया था। आशंका है कि हमलावर उनकी लगातार रेकी कर रहा था और जिस दिन बारात निकलनी थी उसी दिन उन्हें रास्ते में रोक कर गोली मार दी।

यह भी पढ़ें     -    STF ने बिहार में हासिल की बड़ी उपलब्धियां, अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के साथ ही नक्सल प्रभावित जिलों और राज्य के अन्य हिस्सों में भी

घटना के संबंध में जख्मी सुनील पांडेय ने बताया कि वह अपने बेटे रामबाबू की शादी के लिए स्कूटी से सेहरा खरीदने बाजार गए थे। उन्होंने बताया कि शादी तय करने और तैयारी शुरू करने के साथ ही उन्हें एक अंजान नंबर से फोन कर कोई अक्सर कहता था कि उस लड़की से बेटे की शादी मत करो। मैं फोन कॉल को अनसुना कर दिया और तैयारियों में जुटा था। आज बारात जाना था और उससे पहले मैं बाजार से सेहरा खरीद कर लौट रहा था तभी रास्ते में एक कार वाले ने पहले मेरी स्कूटी में टक्कर मारी जिससे हम गिर गए, उसके बाद उसने मेरे सर को निशाना बनाते हुए गोली चलाई जो कि मेरे आंख के नीचे लगी।

वहीं जख्मी व्यक्ति के भाई ने बताया कि मैं भी अपने भाई के साथ ही था। कार सवार ने हमें टक्कर मार कर गिराया और जब तक हमलोग संभल पाते उसने गोली चला दी तथा मौके से भाग निकला। उन्होंने बताया कि कार के नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी थी जिसकी वजह से कार की पहचान नहीं की जा सकी। घटना की सूचना पर कुटुम्बा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। आसपास के सीसीटीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें     -    पटना से बारात लेकर दुल्हन लाने जहानाबाद पहुंचा था दूल्हा, मंडप की जगह बन गया बंधक फिर..