जहानाबाद: जहानाबाद में रविवार की शाम एक दरवाजे पर खूब चहल पहल थी, गाने बज रहे थे और गांव के लोगों के साथ ही रिश्तेदार भी जुटे थे। हर तरफ ख़ुशी का माहौल था, इसका कारण था घर की एक बेटी की शादी। सब कुछ पूर्व निर्धारित चल रहा था, समय से बारात भी आ गई और वधु पक्ष ने नाच गाने के साथ जहां बारात का स्वागत किया तो बाराती भी नाचते गाते हुए दुल्हन के दरवाजे तक पहुंचे। यहां तक तो सब कुछ ठीक ठाक था और काफी खुशनुमा माहौल भी था लेकिन मामला तब बिगड़ गया जब दूल्हे को द्वार पूजा के लिए ले जाया गया और लोगों ने दूल्हा को मंडप पर ले जाने के बजाय उसे बंधक बना लिया। मामला जहानाबाद के ओकरी थाना क्षेत्र के देवरा मठ गांव का है।
जानकारी के अनुसार गांव में एक लड़की की शादी समारोह धूमधाम से मनाया जा रहा था। बारात भी आ गई और जब दूल्हे को द्वारपूजा के लिए ले जाया गया तो उस वक्त दूल्हा किसी कारण से लड़खड़ा गया। इसके बाद दुल्हन पक्ष के लोगों में दुल्हे का शराब पीने की बात फ़ैल गई। शराबी दूल्हा के शादी के लिए आने की सूचना दुल्हन तक भी पहुंची और उसने शादी करने से इंकार कर दिया। हालांकि इस दौरान दुल्हे पक्ष के लोगों ने मामले को संभालने की कोशिश जरुर की लेकिन दुल्हन पक्ष के लोग शादी नहीं होने तथा दुल्हे को दिए गए रूपये समेत अन्य सामान वापस करने की मांग पर अड़ गए।
मामला बिगड़ता देख बारात में शामिल लोग धीरे धीरे मौके से भाग निकले जबकि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा को बंधक बना लिया। दूल्हा के परिजनों ने दुल्हन पक्ष के लोगों से बातचीत करने की काफी कोशिश की लेकिन दुल्हन और उसके परिजन मानने के लिए तैयार नहीं थे। अंत में किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी फिर एक टीम मौके पर पहुंची और दुल्हे को बंधन मुक्त करवा कर थाना ले कर चली गई। बताया जा रहा है कि थाना में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात कराई गई। हालांकि इस मामले में दूल्हा का कहना है कि उसने शराब नहीं पी थी बल्कि वह किसी अन्य कारण से लड़खड़ा गया था लेकिन लोगों ने उसे शराब समझ लिया।





