पटना: बिहार में भाजपा नेता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही राज्य में पुलिस की टीम काफी चौकन्ना हो गई है। बुधवार की सुबह सुबह राज्य के कई जेलों में एक साथ छापेमारी की गई थी जहां एक दो जगह को छोड़ कर कुछ खास बरामद नहीं हुआ था। अब शनिवार की अहले सुबह राजधानी पटना में स्थित बेउर जेल में भी वरीय अधिकारियों की देख रेख में छापेमारी की गई। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही जिसने जेल के सभी वार्डों की सघन तलाशी ली। छापेमारी के दौरान कुछ संदिग्ध चीजें बरामद भी हुई है जिसके बाद अब छानबीन शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बेउर जेल में छापेमारी के दौरान दो मोबाइल के साथ ही कई मोबाइल नंबर बरामद किया गया है। पुलिस ने मोबाइल और फोन नंबर को जब्त कर छानबीन शुरू कर दी है कि आखिर इसका कनेक्शन किससे है। जेल में मोबाइल फोन कहाँ से और कैसे आया तथा जेल में बंद कौन व्यक्ति इसका उपयोग करता था और किससे बातें करता था। पुलिस ने दोनों मोबाइल और सभी मोबाइल नंबर जब्त कर लिए हैं तथा छानबीन शुरू कर दी है। इसके साथ ही जेल प्रशासन को कड़ी और सख्ती बरतने के निर्देश दिया गया है।
बता दें कि सीएम की कुर्सी संभालते ही सम्राट चौधरी ने लगातार दो दिनों तक अधिकारियों एक साथ बैठक की और उन्हें साफ निर्देश दिया कि क्राइम और करप्शन के साथ सख्ती से निपटें। इस मामले में किसी भी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में जनता के हित में काम करने वाली व्यवस्था बहाल होनी चाहिए। सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद राज्य भर में प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार सतर्क हैं और हर स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।