भागलपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी से दहशत का माहौल, पुलिस ने किया इलाका सील...
भागलपुर: बिहार में इन दिनों बम ब्लास्ट की धमकी भरे मैसेज लगातार सामने आ रहे हैं जिससे अफरातफरी का माहौल बन जाता है। अभी हाल ही में पटना सिविल कोर्ट समेत कई अन्य कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी सामने आने के बाद अब भागलपुर समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल से मिली सनसनीखेज धमकी के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए हैं। आनन फानन में पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल की सहायता से पूरे इलाके को सील कर दिया।
कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद आनन फानन में परिसर को खाली करवा लिया गया और सभी प्रवेश द्वारों को बंद कर दिया गया। आने जाने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है। इसके साथ ही मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम भी पहुंची है। इसके साथ ही ट्रैफिक डीएसपी भी सड़क पर उतर कर आने जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी में जुट गए।
यह भी पढ़ें - “बेचारा” शब्द बना बिहार विधानसभा में बहस की वजह! रामविलास पासवान के नाम पर सियासी संग्राम, माफी की मांग से गरमाया सदन
बता दें कि इससे पहले पिछले सप्ताह भी राजधानी पटना के सिविल कोर्ट समेत कई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल से मिली थी जिसके बाद अफरातफरी का माहौल हो गया था। हालांकि छानबीन में कहीं कोई संदिग्ध वस्तु की बरामदगी नहीं हुई लेकिन लगातार मिल रहे धमकी भरे ईमेल से लोगों में दहशत का माहौल जरुर बन गया है। इधर पुलिस ईमेल एड्रेस और आईपी लोकेशन को ट्रैक करने में जुट गई है वहीं आमलोगों से भी अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करे।
यह भी पढ़ें - 4 घंटे 31 मिनट तक रहेगा ग्रहण का असर, जानिए कब और कहां दिखेगा नजारा