भागलपुर: बिहार में इन दिनों निगरानी विभाग की टीम भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर निगरानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भागलपुर में दो सरकारी कर्मियों को 70 हजार रूपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों सरकारी एसडीएम कार्यालय में तैनात थे जिन्हें निगरानी की टीम ने छापेमारी कर रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फ़िलहाल अब निगरानी की टीम दोनों को अपने साथ लेकर पटना चली आई है।
निगरानी की टीम ने भागलपुर एसडीएम कार्यालय में छापेमारी कर एक लिपिक मयंक कुमार और एक स्टेनो प्रेम कुमार को गिरफ्तार किया है। मामले में निगरानी के डीएसपी विद्यांचल प्रसाद ने बताया कि नाथनगर प्रखंड में पदस्थापित आपूर्ति अभिजित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एसडीएम कार्यालय में पदस्थापित स्टेनो प्रेम कुमार ने सेवा संपुष्टि के नाम पर एक महीने का वेतन रिश्वत के रूप में मांगी थी। बार बार रिश्वत की मांग किये जाने पर उन्होंने निगरानी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होने के बाद भी निगरानी विभाग के कर्मियों की एक टीम बना कर छापेमारी की गई। इस दौरान स्टेनो ने रिश्वत की रकम लेने के लिए लिपिक मयंक कुमार को भेजा जिसे निगरानी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही निगरानी की टीम ने एसडीएम कार्यालय में अन्य कर्मियों से भी पूछताछ की। निगरानी की टीम की कार्रवाई के बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि स्टेनो प्रेम कुमार को सृजन घोटाला मामले में भी CBI की टीम ने गिरफ्तार किया था। उस वक्त वह डीएम कार्यालय में पदस्थापित थे।
यह भी पढ़ें - नीतीश के इस्तीफा पर पप्पू यादव ने BJP-JDU को चेताया, मांझी ने तो...
भागलपुर से सुशील की रिपोर्ट