पटना: इन दिनों पश्चिम बंगाल, केरल, असम समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के एलान के बाद राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज है। इसी कड़ी में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी अपने तीन उम्मीदवार केरल में उतारे हैं जहां वे चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए एक तरफ जहां केरल को विकसित और सभी मामलों में अग्रणी राज्य बताया तो दूसरी तरफ बिहार को गरीब और फिसड्डी राज्य बताया। तेजस्वी के इस बयान के बाद अब NDA ने हमला किया है।
तेजस्वी के बयान पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने हमला करते हुए कहा कि आज ये कह रहे हैं कि बिहार गरीब राज्य है जबकि इनके ही माता पिता ने बिहार का खजाना भी लूटा है। उन्होंने तेजस्वी यादव से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने की भी मांग की है। पटना में मीडिया से बात करते हुए जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि बिहार को गरीब राज्य बताने वाले तेजस्वी यादव को सबसे पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उनके माता पिता ने कैसे बिहार का खजाना खाली किया और पानी तिजोड़ी भरी।
यह भी पढ़ें - JDU नेता के साथ दिखे RJD MLA फैसल रहमान, पार्टी बदलने के नाम पर कहा...
उमेश कुशवाहा ने कहा कि केरल की धरती पर बिहार के बारे में इस तरह का बयान देना शर्मनाक है। तेजस्वी यादव लगातार बिहार और बिहारियों की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला बयान दे रहे हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। वह पहले भी बिहारी का अपमाना करने वाले डीएमके नेताओं के साथ मंच शेयर कर चुके हैं। अब बिहार को गरीब राज्य बता कर 14 करोड़ बिहारी के स्वाभिमान को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्हें अपने इस बयान को लेकर सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगनी चाहिए।
बता दें कि तेजस्वी यादव ने केरल में एक मीडिया कर्मी से बात करते हुए एक तरफ जहां केरल में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा समेत अन्य सुविधाएं और राज्य की स्थिति को बेहतर बताया तो दूसरी तरफ उन्होंने बिहार को हर मामले में पिछड़ा हुआ और गरीब राज्य बताया तथा कहा कि हम अक्सर केरल की तर्ज पर बिहार के विकास की बात करते हैं। हम केरल में LDF के साथ गठबंधन में तीन सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं और निश्चित है कि केरल में एक बार फिर मौजूदा सरकार की वापसी होगी।
यह भी पढ़ें - 10 अप्रैल को मुख्यमंत्री के नाम की होगी घोषणा, BJP सांसद ने नीतीश कुमार को लेकर कह दी बड़ी बात...