पटना: बिहार आने वाले पर्यटकों को विभिन्न पर्यटन स्थलों पर सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने एक नई वेबसाइट का लॉन्च किया है। पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने मुख्य सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में बुधवार को www.bstdcmis.bihar.gov.in वेबसाइट का उद्घाटन किया। मंत्री ने बताया कि यह वेबसाइट ऑनलाईन बुकिंग सॉफ्टवेयर एंड मैनेजमेंट इनफोर्मेशन सिस्टम से लैस है। इससे बीएसटीडीसी के नियंत्रणाधीन 38 होटलों की ऑनलाइन बुकिंग और संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। पर्यटक अब विभिन्न पर्यटन स्थलों पर होटल चयन करने में काफी सुविधा का अनुभव करेंगे।
यह भी पढ़ें - 'बिहार गरीब नहीं', तेज प्रताप ने छोटे भाई तेजस्वी को दी नसीहत तो नीतीश निशांत को लेकर भी कही बड़ी बात
उन्होंने यह भी बताया कि इस सॉफ्टवेयर को आईसीआईसीआई बैंक के माध्यम से बिना किसी सेवा शुल्क के तैयार किया गया है। इससे बिहार राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पर्यटन विभाग के होटलों की बुकिंग की सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटकों को होटल बुकिंग में आसानी होगी। पदाधिकारियों ने बताया कि विभागीय होटल संबंधित संपूर्ण बुकिंग जानकारी इस नई वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। यह बीएसटीडीसी की मुख्य वेबसाइट www.bstdcmis.bihar.gov.in से भी जुड़ी रहेगी, जिससे पर्यटकों को होटल चयन में और अधिक सुविधा मिलेगी।
अब पर्यटक घर बैठे ही राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे बोधगया, राजगीर, पटना आदि में बीएसटीडीसी होटलों की उपलब्धता देखकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। मौके पर पर्यटन सचिव निलेश रामचंद्र देवरे और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) के प्रबंध निदेशक नंद किशोर संयुक्त निदेशक पर्यटन निदेशालय राजेश रौशन सहित विभाग और निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।