पटना: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने बिहार विधानसभा से पहले अपनी नई पार्टी बनाई और अब उसकी मजबूती के लिए लगातार काम कर रहे हैं। बुधवार को तेज प्रताप यादव ने एक प्रेसवार्ता कर पार्टी में जिम्मेदारियों को लेकर बातें बताई। वहीं इस दौरान उन्होंने केरल में अपने ही छोटे भाई के दिए बयान पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी को नसीहत भी दी कि इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए। इस दौरान उन्होंने शराबबंदी को लेकर जहां बिहार की सरकार पर चुटकी ली तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में स्वागत भी की और कहा कि वे मेरे से उम्र में बड़े हैं इस लिहाज से मैं उनका सम्मान करता हूं। हां यह भी सही है कि अनुभव के मामले में हम उनसे बड़े हैं लेकिन सीखते सीखते सब सीख जायेंगे।
तेज प्रताप यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को जानकारी देने के लिए कहा जिसके बाद उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि हमलोग पश्चिम बंगाल गए थे और वहां की स्थानीय कमिटी के साथ बातचीत की। हमारी पश्चिम बंगाल कमिटी की इक्षा है कि हमलोग पंचायत चुनाव से मैदान में उतरें और तब तक राज्य में अपनी पार्टी को मजबूत करें। विधानसभा चुनाव में किस पार्टी को समर्थन देने के मामले में उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रवादी ताकतों को अपना समर्थन देंगे। पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने, वहां की जनता की भलाई करने वाली पार्टी को वहां के लोग स्वविवेक से चुनें और सरकार बनायें। उन्होंने सीधे सीधे NDA को समर्थन देने की बात से इंकार करते हुए कहा कि यह बात अब वहां की जनता पर निर्भर करता है लेकिन हम घुसपैठ रोकने वाले, रोजगार देने वाले और राष्ट्रवादी ताकतों को जिताने की अपील करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली जाने और बिहार में नए मुख्यमंत्री के सवाल पर कहा कि वह तो पहले से मन बनाये हुए हैं तो अब जाएँ दिल्ली। रही बात नए मुख्यमंत्री की तो इसमें हम क्या कह सकते हैं, यह उन लोगों का आन्तरिक मामला है। वहीं निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाये जाने के सवाल पर तेज प्रताप ने कहा कि वह अभी नए नए हैं, अनुभव नहीं है। जब वह दांव पेंच के गच्चे में पड़ेंगे तब उन्हें भी अनुभव आएगा और उन्हें अभी बहुत कुछ सीखना है। हमसे उम्र में बड़े हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन अभी अनुभव में जीरो बटा सन्नाटा हैं। धीरे धीरे सब सीखते हैं, हम भी जब आये थे तो जीरो थे लेकिन सीखे हैं तो वह भी सीखेंगे। यह अच्छी बात है कि देर से ही सही लेकिन दुरुस्त आये। अब कौन मुख्यमंत्री बनता है यह हम नहीं कह सकते हैं।
तेज प्रताप ने नीतीश कुमार के द्वारा परिवारवाद पर हमला करने और निशांत के राजनीति में आने के सवाल पर कहा कि जिसका परिवारवाद है उसका है, हम तो उस अब जगह पर हैं नहीं। हमारा तो नया दल है JJD और मैं इस दल में कभी परिवारवाद नहीं होने दूंगा। उन्होंने सम्राट चौधरी का नाम सीएम की रेस में सबसे आगे होने के सवाल पर कहा कि वह बनते हैं तो बनें, मेरा सपोर्ट है। वह बिहार को कैसे चलाएंगे यह तो बनने पर पता चलेगा, हम अभी कैसे कह सकते हैं। वहीं तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के द्वारा बिहार को गरीब राज्य कहने के सवाल पर कहा कि बिहार गरीब नहीं है, यहां के युवा और लोग दिल से बहुत अमीर हैं। जब हम बाहर जाते हैं तो अपने ही राज्य के बारे में इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए, तेजस्वी मेरे छोटे भाई हैं, और उन्हें भी इस तरह की बात करने से बचना चाहिए।
तेज प्रताप ने नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद बिहार में शराबबंदी खत्म होने के सवाल पर कहा कि बिहार में कहाँ बंद है। हर जगह, हर चौक चौराहे पर तो शराब मिल ही रही है, लोग पी ही रहे हैं। अगर शराबबंदी सफल होती तो फिर नीतीश जी दिल्ली क्यों जाते, यहीं रहते। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी का कोई असर नहीं है। अब तो यहां लड़कियां भी सिगरेट पीती हैं। आप बोरिंग रोड चले जाइये, आपको वहां लाइन लगा कर लड़कियां सिगरेट पीती हैं और पुरुष मुंह देखते रहते हैं। तो बिहार में शराबबंदी कहाँ है।
यह भी पढ़ें - ...तो सम्राट के नाम पर नीतीश ने लगा दी मुहर, चौधरी के नाम पर भाजपा में भी बन गई है सहमति या है कुछ और प्लान?
इस दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि हम अपने पार्टी को मजबूत कर रहे हैं और सभी जिलों में सदस्यता अभियान चला रहे हैं। हमने लक्ष्य रखा है कि राज्य के सभी जिलों में हर जिले में कम से कम एक लाख सदस्य बनायें। वहीं इसके साथ ही हम दूसरे राज्यों में भी अपनी पार्टी का विस्तार कर रहे हैं।
तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार गरीब नहीं है। बिहार के युवाओं का दिल बड़ा है। बिहार के बाहर या देश के बाहर बिहार की बुराई करना गलत है। उनको ऐसा नहीं करना चाहिए। तेज प्रताप यादव ने निशांत कुमार पर भी बोला। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री बनें, इस बात की खुशी है, लेकिन उनका अनुभव जीरो बटा सन्नाटा है। उम्र में वह मुझसे बड़े हैं इसलिए मैं उनका सम्मान करता हूं। मैं भी शुरू में आया था तो मुझे भी अनुभव नहीं था, लेकिन धीरे-धीरे बहुत कुछ समझ में आने लगा। उन्होंने कहा कि देर आए दुरुस्त आए। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी सम्मान करता हूं और निशांत कुमार कुमार का भी। तेज प्रताप यादव से जब यह सवाल पूछा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक आपके परिवार पर परिवारवाद की बात कहते रहे अब उनके साथ भी तो यही बात है, इस सवाल के जवाब पर उन्होंने नीतीश कुमार को सॉफ्ट कॉर्नर में रखते हुए कहा कि यह पिछली बातें हैं अब की बात कीजिए। इतना ही नहीं बिहार का अगला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हो सकते हैं इस सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनें, मैं उनका समर्थन करता हूं l
यह भी पढ़ें - बिहार के बच्चों को मिलेगा क्रॉसवर्ड आधारित शिक्षा, मंत्री सुनील कुमार के समक्ष MOU साइन





