बिहार के अधिकांश जिलों में मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश होने के प्रबल आसार हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के संयुक्त प्रभाव से बिहार के ऊपर अनुकूल मौसमी परिस्थितियां बन रही हैं। इसके कारण अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। खासतौर पर 8 और 9 अप्रैल को मौसम की गतिविधियां अधिक तीव्र रहने की संभावना है।
सोमवार को भी राज्य के कई जिलों में मौसम ने करवट ली। गया, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, जमुई, मुंगेर, बांका और शेखपुरा के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, राज्य का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस भभुआ में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस मधुबनी में दर्ज हुआ।
राजधानी पटना में भी मौसम का असर देखने को मिला। सोमवार को पूरे दिन बादल छाए रहे, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री और न्यूनतम में 1.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
उधर, मुजफ्फरपुर में पिछले एक सप्ताह से जारी तेज गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार और बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों तक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलने और गरज-चमक के साथ मध्यम आकार के ओले गिरने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी।