darsh news

ठंड की विदाई, गर्मी की दस्तक! बिहार में मौसम ने बदला सुर

bihar weather update

फरवरी का दूसरा सप्ताह गुजरते ही बिहार में मौसम धीरे-धीरे करवट लेता नजर आ रहा है। सुबह के समय हल्का कोहरा, रात में ठंडक और दिन में तेज धूप अब आम बात हो गई है। मौसम के इस बदले स्वरूप से यह संकेत मिलने लगा है कि सर्दी का असर कम हो रहा है और गर्मी की शुरुआत धीरे-धीरे महसूस की जाने लगी है। राज्य के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी पटना समेत कई शहरों में दोपहर के समय हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, जबकि सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है।

यह भी पढ़ें: आज का दिन कैसा रहेगा? पढ़ें मेष से मीन तक का राशिफल

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और बारिश की कमी के कारण तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है। आसमान साफ रहने और धूप तेज होने से दिन के समय गर्मी तेजी से बढ़ रही है। वहीं पछुआ हवाओं के कारण सुबह-शाम हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है। कुछ इलाकों जैसे राजगीर में रात का तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है, जबकि कैमूर और आसपास के क्षेत्रों में दिन का पारा थोड़ा अधिक दर्ज किया जा रहा है। इससे यह साफ है कि अलग-अलग जिलों में तापमान का असर अलग रूप में दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें: बिहार के खेत से उठ रही मसालों की खुशबू, किसान अब कम लागत में कमा रहे बेहतर मुनाफा...

बारिश को लेकर फिलहाल कोई खास संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और आसमान ज्यादातर साफ रहेगा। अगले एक सप्ताह तक मौसम में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। दिन में धूप और हल्की गर्माहट रहेगी, जबकि रात में ठंडक बनी रहेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि फरवरी के दूसरे पखवाड़े में सूर्य की तपिश और बढ़ेगी, जिससे ठंड का असर और कम होता जाएगा। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।


Scan and join

darsh news whats app qr