पटना: कैमूर के भभुआ सदर अस्पताल में अगर आप बाइक से जा रहे हैं तो उसकी निगरानी भी खुद ही करें अन्यथा चोरी हो सकती है। अस्पताल में सिक्यूरिटी गार्ड की मौजूदगी के बावजूद चोर वहां से बाइक और ऑटो की बैटरी चोरी करने से बाज नहीं आ रहे। आलम यह है कि चोर दिनदहाड़े चीजों की चोरी कर भाग जाते हैं और पीड़ित बस हाथ मलते रह जाते हैं। कैमूर सदर अस्पताल परिसर में लगातार घट रही चोरी की घटना के बाद अब प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। एक बार फिर सदर अस्पताल में पत्नी का इलाज करवाने एक व्यक्ति की बाइक चोरों ने उड़ा ली।

पीड़ित बेलाव थाना क्षेत्र के खरेंदा निवासी सूर्यभान सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी का इलाज करवाने भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे थे। बाइक खड़ी कर वह अंदर गए और कुछ देर बाद जब बाहर आये तो बाइक गायब थी। उन्होंने आसपास के इलाकों में बाइक की खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पीड़ित ने बताया कि 7 अप्रैल को वह अपनी पत्नी का इलाज करवाने पहुंचे थे। डॉक्टर से दिखा कर जब वह वापस पार्किंग में अपनी बाइक लेने गए तो वहां नहीं मिली। उन्होंने बताया कि बाइक चोरी के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवा कर खोजबीन करने की मांग की लेकिन अब तक बाइक नहीं मिल सकी है।

यह भी पढ़ें     -  बिहार की नई सरकार में हो गया विभागों का बंटवारा, CM सम्राट के पास 29 तो जदयू कोटे में...

मामले को लेकर भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले गए जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति बाइक ले जाता हुआ दिख रहा है। फ़िलहाल उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। वहीं मामले को लेकर लोगों ने कहा कि सदर अस्पताल में चोरी की घटनाएं आम हो गई है। यहां रोज ही दो चार दिन पर बाइक, ऑटो की बैटरी, महिलाओं के पर्स सहित अन्य तरह की चोरी की घटनाएं घटते रहती है। अब आलम यह हो गया है कि लोग सदर अस्पताल के पार्किंग अपनी गाड़ी खड़ी करने से भी डरने लगे हैं।

यह भी पढ़ें     -  शपथ ग्रहण के साथ ही एक्शन में सम्राट, अधिकारियों को कहा 'काम की गति बढ़ाएं'

कैमूर से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट