चैती छठ महापर्व के दूसरे दिन आज खरना पूजा पूरे विधि-विधान और आस्था के साथ मनाई जा रही है। व्रती दिनभर निराहार रहकर संध्या में पूजा करेंगे और प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लेंगे। इस बार खरना के दिन कृत्तिका नक्षत्र और सर्वार्थ सिद्धि योग का विशेष संयोग बन रहा है, जिसे बेहद शुभ माना जा रहा है। खरना के अवसर पर दूध और गुड़ से बनी खीर, रोटी और मौसमी फलों का प्रसाद तैयार किया जाता है। पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 06:01 बजे से 07:29 बजे तक है, जबकि अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य शाम 06:02 बजे तक दिया जाएगा। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अगले दिन सुबह 05:57 बजे के बाद अर्पित किया जाएगा।
इधर, महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 164 घाटों और स्थानों पर 18 सेक्टर पदाधिकारियों के नेतृत्व में 287 मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को विनम्र लेकिन सख्ती के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने यातायात, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। 22 से 25 मार्च तक नदियों में निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: तापमान में उछाल के बाद अब क्या होगा? पटना और बिहार के लिए नया मौसम अलर्ट जारी
घाटों पर सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें, गोताखोर और रिवर पेट्रोलिंग यूनिट्स तैनात हैं। पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए की जा रही है। आठ एसडीआरएफ टीमों को मोटर बोट के साथ विभिन्न सेक्टरों में लगाया गया है। साथ ही ग्राम रक्षा दल और सिविल डिफेंस के वालंटियर्स भी सक्रिय हैं।प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़ में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का विशेष ध्यान रखें, बच्चों के पास पहचान पत्र अवश्य रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। घाटों पर कतारबद्ध और संयमित तरीके से जाने तथा सुरक्षा जांच में सहयोग करने की भी अपील की गई है।
यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल: जानें इस सप्ताह किस राशि का चमकेगा भाग्य और कौनसी राशि को बरतनी होगी सावधानी
किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810, 2219234), डायल 112, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (0612-2210118) और पुलिस नियंत्रण कक्ष (9031825979) पर संपर्क करने को कहा गया है।