पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) आज इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का रिजल्ट दोपहर 1:30 बजे जारी करने जा रही है। छात्र अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in और results.biharboardonline.com पर देख सकेंगे। इस बार तीनों स्ट्रीम—आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स—का रिजल्ट एक साथ घोषित किया जाएगा।
इस वर्ष राज्यभर में 1762 परीक्षा केंद्रों पर करीब 13 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने इंटर परीक्षा दी थी। बोर्ड ने इस बार भी परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। टॉपर्स के वेरिफिकेशन के लिए विभिन्न जिलों से कॉपियां मंगवाई गईं और संभावित टॉपर्स को पटना बुलाकर एक्सपर्ट टीम ने इंटरव्यू लिया। हैंडराइटिंग मिलान के साथ-साथ विषय से जुड़े सवाल पूछकर उनकी वास्तविक योग्यता की जांच की गई।
यह भी पढ़ें: नालंदा में दरिंदगी की हुई हद पार: बाजार से लौट रही नाबालिग बच्ची बनी 4 युवकों के हैवानियत का शिकार
पासिंग क्राइटेरिया की बात करें तो छात्रों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम 30% अंक हासिल करना अनिवार्य है। प्रैक्टिकल विषयों में थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों में अलग-अलग पास होना जरूरी है। उदाहरण के तौर पर, 70 अंकों की थ्योरी में कम से कम 21 अंक और 30 अंकों के प्रैक्टिकल में न्यूनतम 12 अंक लाने होंगे। रिजल्ट जारी होने से पहले बोर्ड प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए टॉपर्स के नाम, कुल पास प्रतिशत और अन्य महत्वपूर्ण आंकड़े साझा करेगा। इसके तुरंत बाद वेबसाइट पर रिजल्ट लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: चैती छठ 2026: आज खरना की पवित्र संध्या, प्रशासन अलर्ट—घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
छात्र अपना रिजल्ट देखने के लिए वेबसाइट पर जाकर “ https://interbiharboard.com/ ” लिंक पर क्लिक करें, फिर रोल कोड और रोल नंबर दर्ज कर सबमिट करें। स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही लाखों छात्रों के इंतजार की घड़ी खत्म हो जाएगी और आगे की पढ़ाई व करियर की दिशा तय होगी।




