मुजफ्फरपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नगर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। घटना छोटी मजार के पास पुरानी गुदरी रोड की है, जहां देखते ही देखते माहौल इतना बिगड़ गया कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में एक महिला सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें: नालंदा में दरिंदगी की हुई हद पार: बाजार से लौट रही नाबालिग बच्ची बनी 4 युवकों के हैवानियत का शिकार

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी तनाव के बीच एक युवक, जिसे मैंगो के नाम से जाना जाता है, ने कथित तौर पर पहले दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इसके बाद मामला और भड़क गया और दूसरे गुट ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए जमकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई लोगों के सिर फट गए और सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल रही है।

यह भी पढ़ें: BSEB 12वीं रिजल्ट आज दोपहर 1:30 बजे होगा जारी, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, ऐसे करें सबसे पहले चेक

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानेदार अनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मैंगो समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरपुर से चंदन कुमार की रिपोर्ट।