मोकामा से जदयू विधायक और चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह की आज पटना के बेऊर जेल से रिहाई की संभावना है। जानकारी के मुताबिक दोपहर 2 बजे के बाद उनकी रिहाई हो सकती है। पटना हाईकोर्ट से दुलारचंद यादव हत्याकांड में शर्तों के साथ जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। जेल प्रशासन ने रिहाई की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी कर ली है। बाहर निकलते ही अनंत सिंह सीधे अपने सरकारी आवास, 1 माल रोड, पटना पहुंचेंगे। यहां उनके समर्थकों द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बेऊर जेल से लेकर उनके आवास तक पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में बवाल! दो गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी, कई घायल
रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर स्वागत द्वार और बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किए जा सकते हैं। अनंत सिंह के अगले दो दिनों का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया है। 24 मार्च को वह पटना से बड़हिया महारानी स्थान मंदिर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान बख्तियारपुर पुरानी रोड होते हुए मोकामा में रोड शो करेंगे। डुमरा में मुखिया विनीत उर्फ कारू के यहां भोजन का कार्यक्रम भी निर्धारित है। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वह समर्थकों से मुलाकात करेंगे।
यह भी पढ़ें: BSEB 12वीं रिजल्ट आज दोपहर 1:30 बजे होगा जारी, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, ऐसे करें सबसे पहले चेक
गौरतलब है कि बीते साल 30 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी, जिसके बाद 1 नवंबर को पुलिस ने अनंत सिंह को उनके बाढ़ स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। करीब चार महीने जेल में रहने के बाद अब उन्हें राहत मिली है। कोर्ट ने साफ किया है कि यदि वह गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं तो उनकी जमानत रद्द की जा सकती है।




