कटिहार में बच्चों के निवाले पर डाका! स्कूल से चावल चोरी का वीडियो वायरल, गुरुजी पर गिरी गाज
कटिहार जिले के समेली प्रखंड स्थित आदर्श मध्य विद्यालय खैरा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां बच्चों के लिए आने वाले मध्यान्ह भोजन (MDM) के चावल की हेराफेरी किए जाने का आरोप विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर लगा है। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक भोला प्रसाद मंडल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को विद्यालय परिसर से एक ऑटो में चावल ले जाते हुए कुछ लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों के भोजन के लिए भेजे गए चावल को गलत तरीके से बाहर बेचा जा रहा था।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर की पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल को नेताओं ने दी श्रधांजलि
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सत्येंद्र सिंह, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड मध्यान्ह भोजन साधनसेवी की संयुक्त तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई। टीम ने स्कूल पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच की और ग्रामीणों, छात्रों तथा जनप्रतिनिधियों के बयान दर्ज किए। जांच में चावल की हेराफेरी की पुष्टि हुई है। साथ ही, कई पंजियों में काट-छांट, ओवरराइटिंग और गलत एंट्री भी पाई गई।
यह भी पढ़ें: पटना में हाईवोल्टेज ड्रामा: सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, सिर में चोट के बाद PMCH में भर्ती
जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी और एमडीएम डीपीओ को सौंप दी गई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ थाना को पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित करने और आगे कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि बच्चों के हक से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।