नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को दिल्ली दौरा पर पहुंचे हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम से मुलाकात के बाद सीएम सम्राट बिहार भवन पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और पार्टी से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से खुद जानकारी दी कि राज्य के समग्र विकास और जनकल्याण के विषय पर मार्गदर्शन मिला। प्रधानमंत्री जी का स्नेह और सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान करेगा।

दिल्ली दौरे पर प्रधानमंत्री से मुलाकात के पहले ही सीएम सम्राट ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी पार्टी मुख्यालय में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने महज 5 मिनट तक बातचीत की। बताया जा रहा है कि बिहार मंत्रिमंडल में नामों लिस्ट फाइनल कर ली गई है और इसी मुद्दे पर सीएम ने पार्टी अध्यक्ष के साथ विमर्श किया। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद सीएम सम्राट पहली बार दिल्ली पहुंचे हैं और वहां उन्होंने भाजपा अध्यक्ष के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की जो कि राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें    -     'अपराधी सब सम्राट हो गया', समस्तीपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग और हत्या मामले में तेजस्वी ने CM को लपेटा

बता दें कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उसके बाद से लगातार सक्रिय हैं। एक तरफ वे पार्टी के वरीय नेताओं से मुलाकात कर आशीर्वाद ले रहे हैं तो दूसरी तरफ पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ भी मुलाकात कर रहे हैं। इसके साथ ही वे विभागीय समीक्षाएं और बैठके भी कर रहे हैं और अब जनता दरबार के माध्यम से आम जन से भी मुलाकात करना शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें    -     निशांत ने बता दी कब से निकलेंगे यात्रा पर, कहा 'पार्टी की मजबूती ही पहली प्राथमिकता'