पटना: पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आने के बाद से लगातार सक्रिय हैं। वह लगभग प्रतिदिन पार्टी कार्यालय पहुंच रहे हैं साथ ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। इस बीच निशांत कुमार ने राज्य के भ्रमण की भी बात कही थी और उन्होंने अपना पहला काम पार्टी और संगठन को मजबूत करने बताया था। अब निशांत कुमार ने अपनी यात्रा की तारीख भी बता दी है। उन्होंने कहा कि हम पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत कर रहे हैं और रूप से अपना शेड्यूल बहुत जल्द आपलोग के साथ साझा करेंगे।
मंगलवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैं अभी पार्टी और संगठन की मजबूती को लेकर काम कर रहा हूँ और अभी मेरी यही प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने अपनी यात्रा को लेकर भी कहा कि संभवतः हम अपनी यात्रा पर 3 मई को पश्चिमी चंपारण से निकलेंगे। अभी इस मुद्दे पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय अंकल और अन्य नेता तथा कार्यकर्ताओं से बातचीत हो रही है। जल्द ही अपनी यात्रा की सूचना आपलोगों को दूंगा। इस दौरान निशांत ने श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुने जाने को लेकर कहा कि हम उन्हें बधाई देते हैं। वहीं उन्होंने संसद में महिला आरक्षण विधेयक गिरने पर कहा कि अब अगर पास नहीं हुआ तो क्या ही कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें - नीतीश ने श्रवण कुमार को दिया बड़ा तोहफा, बने JDU विधायक दल के नेता
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद निशांत ने पार्टी में एंट्री की और उसके बाद से वह लगातार सक्रिय हैं। वह लगातार पार्टी कार्यालय में नेता और कार्यकर्ताओं से मिल कर बैठकें कर रहे हैं तो दूसरी तरफ पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद भी ले रहे हैं। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद नई सरकार में उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाये जाने की बात भी सामने आई थी लेकिन कहा जाता है कि निशांत ने बगैर मेहनत के कोई भी पद लेने से साफ इंकार कर दिया जिसके बाद नई सरकार में विजय चौधरी और विजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया।
यह भी पढ़ें - 'अपराधी सब सम्राट हो गया', समस्तीपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग और हत्या मामले में तेजस्वी ने CM को लपेटा





