पटना: राजधानी पटना में हाल के दिनों में हुई चेन छिनतई की वारदातों को पटना पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया है। इस तरह की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चेन छिनतई गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके लिए पटना पुलिस लगातार वाहन चेकिंग, गश्ती व्यवस्था और तकनीकी निगरानी के माध्यम से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है। 

बता दें कि हाल के दिनों में पटना पुलिस ने ऐसे कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामन की बरामदगी भी की है। चेन छिनतई मामले में संबंधित कदमकुंआ थानाध्यक्ष ने बताया कि राजेंद्र नगर में विगत 20 अप्रैल की रात्रि लगभग आठ बजे एक महिला से चेन छिनतई के संबंध में अभी तक उन्हें कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उधर, पटना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध पर और अधिक प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सके।

यह भी पढ़ें    -    निशांत ने बता दी कब से निकलेंगे यात्रा पर, कहा 'पार्टी की मजबूती ही पहली प्राथमिकता'

कदमकुआं के थानाध्यक्ष ने बताया कि विगत 20 अप्रैल को जिस महिला के साथ चेन छिनतई की वारदात हुई है, उनसे आवेदन की मांग की गई है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त कदमकुआं थाना क्षेत्र में विगत 15 अप्रैल को भी एक व्यक्ति से चेन छिनतई की घटना हुई थी। प्राप्त आवेदन के आधार पर पुलिस द्वारा कदमकुआं थाना कांड संख्या 294/26, दिनांक 15 अप्रैल, 2026 दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में अग्रतर अनुसंधान के क्रम में पुलिस द्वारा छापेमारी कर घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। साथ ही, तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तार की कार्रवाई की जा रही है। इन घटनाओं को देखते हुए पटना पुलिस के वरीय पदाधिकारियों के निर्देशन में सतर्कता पूर्वक ग़श्ती एवं वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें    -    दिल्ली में PM मोदी से मिले बिहार के नए CM सम्राट, BJP अध्यक्ष के साथ महज 5 मिनट तक हुई बातचीत

YouTube Video