पटना: बिहार में अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर गए निलंबित राजस्व कर्मी तथा अंचलाधिकारियों को नए सीएम सम्राट चौधरी ने बड़ी सौगात दी है। जनगणना कार्यों एवं अन्य जनोपयोगी कार्यों को देखते हुए सम्राट चौधरी ने अपनी ही सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री के फैसले वापस लेते हुए निलंबित अधिकारियों का निलंबन रद्द करने का आदेश दिया है। इस संबंध में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र लिख कर निलंबन रद्द करने के लिए कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जारी निर्देश के अनुसार 11 फरवरी से 19 अप्रैल तक निलंबित सभी राजस्व कर्मियों का निलंबन रद्द कर दिया जायेगा।

यह भी पढ़ें   -     आज दिल्ली जाएंगे CM सम्राट, PM से कर सकते हैं मुलाकात

बता दें कि बीते करीब दो महीने से अपनी मांगों को लेकर राजस्व कर्मी एवं अंचलाधिकारी हड़ताल पर चले गए थे। उस दौरान पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं तत्कालीन राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा ने कई बार अधिकारियों से अपील की थी कि अपने काम पर वापस लौटें और जनता के काम को न लटकाएं, हम आपकी मांगों पर भी विचार करेंगे और न्यायोचित कार्रवाई भी की जाएगी। पूर्व उप मुख्यमंत्री के अपील के बावजूद जब अधिकारी काम पर वापस नहीं लौटे तब उन्होंने चेतावनी दी थी और फिर कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया था। इस बीच जनगणना कार्य शुरू होने की वजह से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निलंबन रद्द करने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें   -     राजधानी पटना में बदमाशों में नहीं है पुलिस का खौफ, VVIP इलाके में महिला से छिनतई