जहानाबाद: जहानाबाद में स्थित एक टोल प्लाजा पर बीती रात प्लाजा कर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच भिड़ंत हो गई जिसमें फायरिंग भी की गई। बताया जा रहा है कि फायरिंग की वजह से दो युवक जख्मी हो गए जबकि एक अन्य मारपीट में जख्मी हो गया। सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना डोभी-पटना NH 22 पर स्थित जहानाबाद जिलांतर्गत टेहटा थाना क्षेत्र के सरथुआ टोल प्लाजा की है जहां टोल कर्मी और स्थानीय लोगों के बीच भिड़ंत हो गई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीती रात उमराई बीघा से एक बारात मसौढ़ी जा रही थी। इसी दौरान टोल प्लाजा पार करने को लेकर बारात में शामिल लोग और टोल प्लाजा के कर्मियों के बीच कहा सुनी हो गई और धीरे धीरे इसने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और इसी दौरान किसी ने गोली चला दी। गोली लगने के बाद छर्रा लगने से ज्ञानी और रोहित नामक दो युवक जख्मी हो गए जबकि मारपीट में भी एक युवक जख्मी हो गया।सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें - बिहार के निलंबित CO को नए सीएम ने दी बड़ी राहत, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जारी किया पत्र
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना को लेकर एएसपी मनोज पांडेय ने कहा कि जिस बंदूक से फायरिंग की गई थी उसे जब्त कर लिया गया है।सभी घायलों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दो व्यक्ति गोली लगने से घायल हुए हैं फ़िलहाल डॉक्टर के रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसके बाद स्पष्ट होगा कि जख्म कैसे हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - वैशाली में स्वर्ण व्यवसायी के घर में घुस बड़ी लूटपाट, अपराधियों ने करीब एक दर्जन बम भी फेंके
जहानाबाद से पवन कुमार की रिपोर्ट





