बिहार के नालंदा जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और समस्तीपुर जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हिलसा थाना क्षेत्र से दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक टॉप-10 इनामी अपराधी भी शामिल है, जिसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तार अपराधियों में पहला नाम अर्जुन यादव उर्फ तेलिया का है, जो नालंदा के करायपरसूराय थाना क्षेत्र के भवानी बीघा का रहने वाला है। अर्जुन यादव पर समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना कांड संख्या 306/23 (दिनांक 15 अगस्त 2023) में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर आरोप दर्ज हैं। इस कांड में वह वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, वह जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था।
यह भी पढ़ें: ड्यूटी के बीच गई जान ! सुपौल में महिला सिपाही ने क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?
दूसरा गिरफ्तार अपराधी चंदन कुमार है, जो हिलसा थाना क्षेत्र का निवासी है। वह चंडी थाना कांड संख्या 218/26 (दिनांक 19 मार्च 2026) में वांछित था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अर्जुन यादव का नाम 15 अगस्त 2023 को हुए मोहनपुर थानाध्यक्ष नंदकिशोर यादव की हत्या में भी सामने आया था। इस सनसनीखेज वारदात में अपराधियों ने थानाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
यह भी पढ़ें: मिड-डे मील में हेराफेरी! आंकड़ों के खेल ने खोली सिस्टम की पोल
जांच में यह भी सामने आया है कि अर्जुन यादव नालंदा के एक सक्रिय पशु तस्कर गिरोह से जुड़ा हुआ है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में पुलिस का कहर? धुरंधर 2 फ़िल्म देखकर लौट रहे युवकों की रातभर पिटाई का आरोप