सुपौल जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला कॉन्स्टेबल ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। बीती रात उसका शव किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित ब्लॉक परिसर के सभा भवन के एक अनुपयोगी बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला। बाथरूम का नियमित उपयोग नहीं हो रहा था और उसमें चुनाव से जुड़ा सामान रखा गया था।
मृतका की पहचान आरा जिले के पटखौली गांव निवासी रितु कुमारी के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर जिला बल में कार्यरत थीं और इन दिनों सुपौल के भीमनगर में प्रशिक्षण ले रही थीं। हाल ही में उन्हें रामनवमी और ईद को लेकर ड्यूटी में भी लगाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष, सुपौल एसपी शरथ आर.एस, एफएसएल टीम समेत कई वरीय अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: मिड-डे मील में हेराफेरी! आंकड़ों के खेल ने खोली सिस्टम की पोल
जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ लिखित नोट्स भी बरामद किए गए हैं, हालांकि उनमें क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। मृतका का मोबाइल फोन भी उसकी जेब से बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए खंगाला जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रितु कुमारी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। यह भी चर्चा है कि प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन साथियों की सतर्कता से उन्हें बचा लिया गया था। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में पुलिस का कहर? धुरंधर 2 फ़िल्म देखकर लौट रहे युवकों की रातभर पिटाई का आरोप
किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश जारी है।




