पटना: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले दो दिनों से राज्य के अधिकतर जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में ओलावृष्टि ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। रविवार सुबह समस्तीपुर, मधुबनी, जमुई, गोपालगंज और बेतिया में घना कुहासा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई और लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
6 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार के लिए सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर रुक-रुककर बारिश होती रहेगी।
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
लगातार बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पटना में भी अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
शनिवार को कई जिलों में तेज बारिश और ओले
शनिवार को पटना, बांका, गोपालगंज, मोतिहारी, बगहा, बेतिया, सीतामढ़ी और खगड़िया समेत कई जिलों में रुक-रुककर तेज बारिश हुई। राजधानी पटना के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
आंधी-बिजली से 7 की मौत, 10 घायल
तेज आंधी और वज्रपात ने जानलेवा रूप भी ले लिया है। पिछले दो दिनों में राज्य में 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं।
* गया के डुमरिया में किसान महेंद्र यादव की खेत में काम करते समय बिजली गिरने से मौत हो गई, साथ ही उनकी भैंस भी मारी गई।
* वजीरगंज में मनोज कुमार सिंह की वज्रपात से जान चली गई।
* जमुई के चकाई में 15 वर्षीय छात्रा रागिनी की मौत हो गई।
* पटना के मोकामा में ठनका गिरने से 10 मजदूर घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
* अररिया में दीवार और घर गिरने से दो बच्चों की मौत हुई, जबकि तीन घायल हुए।
* किशनगंज में भी आकाशीय बिजली से एक महिला की मौत हुई।
किसानों को भारी नुकसान
आंधी और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गेहूं और मक्का की तैयार फसल खेतों में ही बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उत्तर-पूर्व बिहार में ज्यादा असर
इस बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर उत्तर और पूर्वी बिहार में देखने को मिला है। पश्चिम चंपारण में 23.6 मिमी और सहरसा में 21.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भागलपुर (16.9 मिमी), सुपौल (15.8 मिमी), मुजफ्फरपुर (8.6 मिमी) और पटना (7.7 मिमी) में भी अच्छी बारिश हुई। कई निचले इलाकों में जलजमाव से ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
दक्षिण-पश्चिम बिहार में कम असर
वहीं गया, बक्सर, औरंगाबाद और रोहतास जैसे दक्षिण-पश्चिम जिलों में बहुत कम या न के बराबर बारिश दर्ज की गई, जिससे वहां मौसम का असर सीमित रहा।
यह भी पढ़ें: गांधी मैदान में सजेगा बिहार का महाउत्सव, 3 दिन तक दिखेगी ‘उन्नत बिहार’ की झलक




