रमज़ान महीने के समापन के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को बिहार समेत पूरे देश में अकीदत, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। राजधानी पटना के मनेर शरीफ स्थित मखदूम शाह याहिया मनेरी की दरगाह पर हजारों की संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। मनेर खानकाह के गद्दीनशीं ने नमाज अदा कराते हुए लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई दी।

पटना, फुलवारी शरीफ और दानापुर समेत आसपास के इलाकों में भी सुबह से मस्जिदों और ईदगाहों में भारी भीड़ देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी नए कपड़ों में नमाज अदा करने पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण कई स्थानों पर लोगों ने सड़कों और छतों पर भी नमाज पढ़ी। सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और संवेदनशील इलाकों में पुलिस व RAF की तैनाती की गई। वहीँ फुलवारी शरीफ के विधायक श्याम रजक भी पहुंचे और प्यार और भाईचारे का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में कर्ज और संकट के बीच किसान - ओले गिरने से टूटी उम्मीदें

गया के गांधी मैदान में भी हजारों नमाजियों ने एक साथ ईद की नमाज अदा की। पूरा मैदान “अल्लाहु अकबर” की सदाओं से गूंज उठा। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर भाईचारे और एकता का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ईद त्याग, संयम और इंसानियत का प्रतीक है। वहीं कैमूर जिले के भभुआ स्थित जगजीवन स्टेडियम सहित विभिन्न ईदगाहों में शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा की गई। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नगर सभापति विकास उर्फ बब्लू तिवारी ने कहा कि यह जिला गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल है, जहां सभी समुदाय मिलजुल कर एक-दूसरे के त्योहार मनाते हैं।
यह भी पढ़ें: पुलिस की दबिश और खुला राज! पहाड़ी इलाके से बरामद हुआ हथियारों का जखीरा

कटिहार और आरा (भोजपुर) में भी ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया। हजारों लोगों ने ईदगाहों में नमाज अदा कर देश की खुशहाली और शांति के लिए दुआ की। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। नमाज के बाद उलेमाओं ने अपने खुतबे में कहा कि रमज़ान हमें सब्र, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है, जिसे जीवन में अपनाना जरूरी है। कुल मिलाकर, पूरे बिहार में ईद के मौके पर खुशी, सौहार्द और एकता का माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़ें: 20 साल में पहली बार ऐसा क्यों हुआ? गांधी मैदान नहीं पहुंचे CM नीतीश, बेटे निशांत ने संभाली कमान

भागलपुर के सिटीएस ईदगाह मैदान में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई, जिसमें करीब 20 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। नमाज के बाद देश-दुनिया में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई। मौके पर प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और कई अधिकारी तैनात रहे।




