मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड स्थित खंगुरा और आसपास के इलाकों में शनिवार को आई अचानक आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की उम्मीदों पर बड़ा झटका दिया है। मौसम के इस बेरहम तेवर ने सैकड़ों एकड़ में तैयार खड़ी फसलों को बर्बाद कर दिया। खासकर गेहूं और मसूर की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।

यह भी पढ़ें: 20 साल में पहली बार ऐसा क्यों हुआ? गांधी मैदान नहीं पहुंचे CM नीतीश, बेटे निशांत ने संभाली कमान


खेतों में लहलहाती फसल अब जमीन पर बिछ चुकी है। कई किसानों का कहना है कि इस बार फसल अच्छी होने की उम्मीद थी, लेकिन एक ही झटके में सब खत्म हो गया। खंगुरा के किसान ऋषि चौधरी ने बताया कि उन्होंने करीब 6 एकड़ में गेहूं और मसूर की खेती की थी, जो अब पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अब कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाएगा और परिवार चलाना भी चुनौती बन गया है।

यह भी पढ़ें: बालू माफिया और प्रशासन की सांठगांठ? थाने से ही फरार हो गया माईनिंग इंस्पेक्टर- गोपालगंज की घटना ने उठाए बड़े सवाल

स्थानीय किसानों का आरोप है कि घटना के बाद अब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। कृषि विभाग की लापरवाही को लेकर किसानों में नाराजगी साफ देखी जा रही है। किसानों का कहना है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नुकसान का सही आकलन करने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। फिलहाल, प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे किसान सरकार की राहत और मदद की आस लगाए बैठे हैं।

यह भी पढ़ें: बिहार में मौसम का डबल अटैक: रात भर बारिश, दिन में खतरे का संकेत—25 जिलों में अलर्ट से बढ़ी चिंता