बिहार समेत पूरे देश में आज ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। राजधानी पटना के गांधी मैदान में बारिश के बीच बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा की। खराब मौसम के बावजूद यहां बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित करीब 20 हजार लोगों ने एक साथ इबादत की और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी।

हालांकि इस बार एक खास बात देखने को मिली। पिछले 20 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गांधी मैदान में ईद की नमाज में शामिल नहीं हुए। मुख्यमंत्री बनने के बाद से वह हर साल इस मौके पर मौजूद रहते थे। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर चर्चाएं भी रहीं, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रदेशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी और शांति, भाईचारे और खुशहाली की कामना की।


मुख्यमंत्री की जगह उनके बेटे निशांत कुमार कार्यक्रम में शामिल हुए। निशांत कुमार की सुरक्षा में सीएम सिक्योरिटी तैनात रही और उनके साथ जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी समेत कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान मंच पर मौजूद मुस्लिम नेताओं ने निशांत कुमार का गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया। गांधी मैदान में नमाज को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। इसके अलावा पटना जंक्शन स्थित जामा मस्जिद, फुलवारीशरीफ और शहर के अन्य ईदगाहों में भी नमाज अदा की गई। ईद के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।