पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य समारोह की शुरुआत हो गई है। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गई है, जिसमें राज्य की विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सशक्तिकरण की झलक एक ही मंच पर देखने को मिल रही है। कार्यक्रम का उद्घाटन शाम 5 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। गांधी मैदान में बने सांस्कृतिक पवेलियन में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय कलाकार लोक नृत्य, लोक संगीत और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दे रहे हैं। इसके साथ ही श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, रविंद्र भवन और शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पहले दिन सोना महापात्रा का जलवा
बिहार दिवस के पहले दिन यानी 22 मार्च को मुख्य मंच पर बॉलीवुड सिंगर सोना महापात्रा अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक द्वारा ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया जाएगा। रविंद्र भवन में लोकगीतों की प्रस्तुति के साथ ही भोजपुरी रंगमंच की प्रसिद्ध रचना ‘गबरधिचोर’ का मंचन भी दर्शकों को आकर्षित करेगा।
दूसरे दिन शान और ‘बुद्धचरित’ की प्रस्तुति
23 मार्च को मशहूर गायक शान गांधी मैदान में अपनी आवाज़ का जादू बिखेरेंगे। इसी दिन श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुदीपा घोष द्वारा ‘बुद्धचरित’ पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें भगवान बुद्ध के जीवन और उनके संदेशों को कलात्मक ढंग से दर्शाया जाएगा। रविंद्र भवन में हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा की अगुवाई में कवि सम्मेलन भी आयोजित होगा।
समापन दिन पापोन की प्रस्तुति
24 मार्च को समारोह के अंतिम दिन बॉलीवुड सिंगर पापोन की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी, जो संगीत प्रेमियों के लिए खास अनुभव लेकर आएगी।
धरोहर दर्शन’ बना आकर्षण का केंद्र
गांधी मैदान में लगभग 15 हजार वर्गफुट में तैयार ‘धरोहर दर्शन’ पवेलियन लोगों को बिहार की पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति से रूबरू करा रहा है। यहां लहठी और सुजनी जैसी लोक कलाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है, साथ ही महिला उद्यमियों और जीविका समूहों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।
सांस्कृतिक और सामाजिक पहल पर फोकस
बिहार संग्रहालय और आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय में ‘नदिया के पार’ और ‘तीसरी कसम’ जैसी क्लासिक फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की जा रही है। वहीं, 22 से 26 मार्च तक प्रेमचंद रंगशाला में ‘महिला नाट्य उत्सव’ आयोजित होगा, जिसमें महिलाओं के संघर्ष और सृजनशीलता को मंचित किया जाएगा।
सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
पूरे आयोजन की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए पटना स्मार्ट सिटी के कंट्रोल सेंटर से की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस, अस्थायी अस्पताल, फायर टेंडर, पेयजल, शौचालय और सफाई की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बिहार दिवस का यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक विविधता का उत्सव है, बल्कि राज्य की प्रगति और सामाजिक बदलाव की कहानी को भी मजबूती से प्रस्तुत कर रहा है।




