पटना में आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने बिहार सरकार और आयोजन से जुड़े सभी पक्षों की सराहना की। उन्होंने अपने बयान में कहा, “मैं सबसे पहले बिहार सरकार को धन्यवाद देना चाहूंगी, स्पोर्ट्स स्टार को धन्यवाद देना चाहूंगी, जिन्होंने बिहार में इस तरह का कॉन्क्लेव आयोजित किया। इसके माध्यम से स्पोर्ट्स से जुड़े सभी राज्यों के लोग, मीडिया के लोग और खासकर हमारे कोचेस यहां पर आए।”
उन्होंने कहा कि इस मंच पर खेल से जुड़े भविष्य के चुनौतियों पर गंभीर चर्चा हुई। “यहां पर चर्चा हुई कि आने वाले दिनों में हमारे लिए स्पोर्ट्स से जुड़े क्या चैलेंज हैं और बिहार सरकार व भारत सरकार मिलकर क्या काम कर सकती हैं,” उन्होंने कहा। रक्षा खडसे ने बिहार में पिछले 5-10 वर्षों में हुए विकास और उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जिस तरह से बिहार ने डेवलपमेंट किया है, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में खिलाड़ियों का टैलेंट आगे लाने के लिए, बिहार सरकार और स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री की तरफ से महात्मा गांधी नरेगा स्कीम के माध्यम से हर गांव में स्टेडियम बनाने की कोशिश की गई है, जिसे अब पूरे देश में लागू करने की दिशा में काम हो रहा है।”
यह भी पढ़ें: हिलसा में छापा और खुला राज! टॉप-10 इनामी दबोचा, थानाध्यक्ष हत्याकांड से जुड़ा तार
उन्होंने ‘माय इतिहास’ इनिशिएटिव की भी सराहना करते हुए कहा, “बिहार स्पोर्ट्स इस पहल के जरिए अच्छा काम कर रहा है। मुझे लगता है आने वाले दिनों में बिहार से काफी अच्छे एथलीट्स निकलेंगे।” मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार कोशिश कर रही है कि भारत के मैन्युफैक्चर सेक्टर को आगे बढ़ाया जाए। बिहार में इंडस्ट्रियल सेक्टर खड़ा हो सकता है, क्योंकि यहां मजदूरों की ताकत है और रिफॉर्म के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं, जिससे आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।”
यह भी पढ़ें: ड्यूटी के बीच गई जान ! सुपौल में महिला सिपाही ने क्यों उठाया ये खौफनाक कदम?
ओलंपिक से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, “अभी तक कुछ फिक्स नहीं है कि मैचेस कहां होंगे, लेकिन कोशिश यही रहेगी कि जो राज्य खुद आगे बढ़ना चाहता है और इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना चाहता है, उसे भी मौका दिया जाए। हमारा देश बड़ा है और हर राज्य की अपनी संस्कृति है, इसलिए ओलंपिक में सभी राज्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश होगी।”




