दरभंगा: बिहार में अपराध और अवैध शराब कारोबार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हालांकि अक्सर कार्रवाई के दौरान पुलिस भी भीड़ का शिकार हो जाती है। इसी कड़ी में शनिवार को दरभंगा में अवैध शराब की सूचना पर छापेमारी में गई पुलिस पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। लोगो के हमले में तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र के धरौड़ा दलित टोला की है जहां अवैध शराब की सूचना पर छापेमारी में गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार मद्य निषेध विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि धरौड़ा दलित टोला में अवैध शराब का कारोबार किया जाता है। सूचना के आधार पर मद्य निषेध विभाग की टीम पुलिस टीम के साथ छापेमारी के लिए पहुंची जहां अचानक स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया लोगो के हमले में ASI विनोद कुमार मिश्रा, सिपाही सतीश कुमार और महिला सिपाही शांभवी रानी जख्मी हो गए। सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

मामले को लेकर मद्य निषेध थाना बेनीपुर के थानाध्यक्ष सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि शराब अभियान के विरुद्ध अभियान के तहत टीम छापेमारी के लिए पहुंची जहां स्थानीय लोगों ने हमलाकर दिया। वहीं बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मद्य निषेध टीम के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपियों की पहचान की जा रही है, सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।