कटिहार: बड़ी खबर बिहार के कटिहार से है जहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने छापेमारी कर आतंकी गतिविधि के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी बम बनाने की तैयारी कर रहा था और वह राम मंदिर, संसद भवन तथा अन्य सैन्य ठिकानों पर हमले की प्लानिंग कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी एक अन्य व्यक्ति के साथ मिल कर रिमोट कंट्रोल खिलोना कार में IED फिट करने की तैयारी में था लेकिन अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सोहेल के रूप में की गई है।

बताया जा रहा है कि वह कई सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़ा था और देश भर में हमलों की प्लानिंग कर रहा था। इतना ही नहीं वह सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को भड़काने और फंड जुटाने के लिए बैंक अकाउंट और QR कोड भी शेयर करता था। जानकारी के अनुसार पेशे से पलंबर सोहेल गजवा-ए-हिंद से जुड़ा है। उसने पिछले दिनों लाल किला और इंडिया गेट की रेकी भी की थी। दिल्ली पुलिस ने कटिहार के अलावा महाराष्ट्र और ओडिशा में भी छापेमारी की है और कुल 4 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार में की गई कार्रवाई में एक बिहार से, 1 ओडिशा से और दो संदिग्ध को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़ें    -    रात 08:30 बजे PM मोदी देश को करेंगे संबोधित, महिला आरक्षण विधेयक गिरने के बाद क्या कहेंगे

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी कथित रूप से गजवा-ए-हिंद से जुड़ी गतिविधियों में शामिल थे और सोशल मीडिया के जरिये आतंकी नेटवर्क में सक्रिय थे। वे अपने ग्रुप में अन्य कट्टरपंथियों को जोड़ने और उन्हें ट्रेनिंग भी देते थे। जांच के दौरान एक आरोपी के पास से IED भी बरामद किया गया है जबकि दो अन्य सदस्य संभावित आतंकी हमले के लिए रिमोट कंट्रोल IED बनाने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर सामग्री जुटा रहे थे। फ़िलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य कनेक्शन खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें    -    24 को होगी सम्राट सरकार की अग्नि परीक्षा, सदन में साबित करना होगा बहुमत

YouTube Video