नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज साढ़े 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का देश को संबोधन ऐसे समय पर होने जा रहा है जब उसी दिन संसद में महिला आरक्षण विधेयक पास नहीं हो सका। इससे पहले भी विधेयक के सदन में गिरने के बाद पीएम मोदी ने विपक्ष पर जोरदार हमला किया था और इसका परिणाम आगे भुगतने की बात कही थी। अब इसके बाद उन्होंने साढ़े आठ बजे देश को संबोधित करने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री का देश के नाम संबोधन की घोषणा के बाद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर इस दौरान पीएम क्या कुछ कहेंगे।
कहा जाता है कि पीएम मोदी ने अब तक जितनी भी बार अचानक इस समय में देश को संबोधित किया है तो उन्होंने कुछ बड़े फैसले लिए हैं और उसकी जानकारी देशवासियों को दी है। प्रधानमंत्री ने नोटबंदी, कोरोना के समय में लॉकडाउन, कोरोना के समय दिया जलाने का आह्वान, लॉकडाउन विस्तार, तीन कृषि कानून वापस लेने की घोषणा जैसे अहम मुद्दों पर देश के नाम संबोधन में कही है। इसके साथ ही हाल ही में पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर और राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी देश को संबोधित किया था। अब एक बार फिर महिला आरक्षण विधेयक गिरने के बाद वह देश को संबोधित करने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें - 24 को होगी सम्राट सरकार की अग्नि परीक्षा, सदन में साबित करना होगा बहुमत
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी देश के नाम संबोधन में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष पर तीखे हमले करेंगे और यह विधेयक सदन में लाने के कारणों के बारे में चर्चा करेंगे। बता दें कि इस विधेयक के तहत 2029 के संसदीय चुनावों से पहले महिला आरक्षण कानून को कार्यान्वित करने के लिए लोकसभा की वर्तमान सीट 543 से बढ़ा कर 816 किया जाना था। इसके साथ ही राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को समायोजित करने के लिए सीटों की संख्या बढाई जानी थी। इस महत्वपूर्ण विधेयक पर संसद में सत्ता पक्ष दो तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाई और फलस्वरूप यह विधेयक गिर गया।





