दिल्ली में चल रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (IFFD) के दौरान फिल्म धुरंधर 2 को लेकर जारी विवाद पर दिग्गज एक्टर पीयूष मिश्रा ने खुलकर अपनी राय रखी। जहां एक तरफ फिल्म को लेकर सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री के कुछ हिस्सों में इसे “प्रोपेगेंडा” कहा जा रहा है, वहीं मिश्रा ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया।
पीयूष मिश्रा ने कहा कि सिनेमा और प्रोपेगेंडा के बीच हमेशा एक बहुत पतली रेखा होती है, लेकिन हर फिल्म को उस नजरिए से देखना सही नहीं है। उन्होंने धुरंधर 2 की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म का स्क्रीनप्ले बेहद मजबूत है और इसे सिर्फ प्रोपेगेंडा कह देना फिल्म के साथ नाइंसाफी होगी। उनके मुताबिक, यह एक ऐसी फिल्म है जिसे उसके सिनेमैटिक ट्रीटमेंट और कहानी के आधार पर आंकना चाहिए।
यह भी पढ़ें : IPL में किस टीम पर किसका राज? ये 10 बल्लेबाज़ बना चुके हैं ‘रन मशीन’, नंबर-1 नाम चौंका देगा!
इसी दौरान एक्टर बोमन ईरानी ने भी फिल्म को लेकर प्रतिक्रिया दी। हालांकि उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उन्होंने कहा कि धुरंधर 2 को लेकर हर जगह चर्चा हो रही है, जो इसकी सफलता का संकेत है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी भी सफल फिल्म को सेलिब्रेट किया जाना चाहिए। वहीं, अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म की कमाई शानदार है और इससे फिल्ममेकिंग का स्तर ऊंचा हुआ है। आशीष के मुताबिक, आदित्य धर की सालों की मेहनत आज रंग लाई है और यह उनके लिए बेहद प्रेरणादायक है।
यह भी पढ़ें : Real Estate का खेल : आज की सस्ती ज़मीन, कल बनेगी बड़ी कमाई का जरिया….ज़रूर पढ़ें
गौरतलब है कि धुरंधर 2 को लेकर इंडस्ट्री में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। जहां रजनीकांत, अल्लू अर्जुन, राम चरण, आलिया भट्ट और महेश बाबू जैसे सितारों ने फिल्म की तारीफ की है, वहीं कुछ लोगों ने इसे प्रोपेगेंडा फिल्म करार दिया है। ऐसे में यह फिल्म अब कंटेंट से ज्यादा अपनी बहस को लेकर चर्चा में बनी हुई है।