दोस्त का भविष्य सुधारने चला था, अपना खराब कर लिया, नवादा में इंटर परीक्षा केंद्र पर पकड़ा गया मुन्ना भाई...
नवादा: बिहार में इंटरमीडिएट की परीक्षा जारी है और किसी भी तरह की गड़बड़ी से बचने के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति समेत प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना है। सभी परीक्षा केन्द्रों सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी का नतीजा है कि नवादा में एक मुन्ना भाई पकड़ा गया है। नवादा के एक परीक्षा केंद्र पर दूसरे के बदले में परीक्षा दे रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक ने पूलिस पूछताछ में सब सच बता दिया जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मामला नवादा के प्रोजेक्ट मुनक्का फूलचंद साहू कन्या इंटर विद्यालय का है जहां गुरुवार की सुबह परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी प्रवेश कर रहे थे। इसी समय जांच के दौरान कर्मियों को एक परीक्षार्थी को देख कर कुछ शक हुआ जिसके बाद उसकी पहचान पत्र और बायोमेट्रिक मिलान की गई जिसके बाद सारी सच्चाई सामने आ गई। तुरंत युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान खड़कपुर निवासी नीतीश कुमार के रूप में बताई।
यह भी पढ़ें - तुमको मौका दिए तो तुम कमाने लगे, CM नीतीश ने तेजस्वी को कहा 'बैठे रहो मेरे काम से सबको हो रहा है फायदा..'
पुलिस पूछताछ में पकडे गए युवक ने बताया कि वह अपने एक दोस्त वीरेंद्र कुमार के बदले परीक्षा देने आया था। उसने बताया कि उसके दोस्त की गैरमौजूदगी में यह सौदा तय हुआ था। इस काम के लिए उसे 14 हजार रूपये भी मिले थे। फ़िलहाल पुलिस उसके विरुद्ध कार्रवाई में जुट गई है। वहीं मामले की पुष्टि केंद्राधीक्षक ने भी की और कहा कि दूसरे छात्र के बदले परीक्षा देने की कोशिश में एक युवक को पकड़ा गया है जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर सख्त व्यवस्थाएं की गई है और कड़ी निगरानी की जा रही है। केंद्र पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।
यह भी पढ़ें - विधानसभा से निकलने के बाद CM पहुंचे दीघा घाट, साथ में मौजूद रही अधिकारियों की भी टीम...