पटना: बड़ी खबर राजधनी पटना के सियासी गलियारे से है जहां राजद के बागी विधायक फैसल रहमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके आवास 1 अने मार्ग पहुंचे हैं। इस मामले की जानकारी फैसल रहमान ने खुद ही सोशल मीडिया पोस्ट कर दी जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में खलबली मचने लगी है। फैसल रहमान के विरुद्ध उनकी पार्टी राजद के ही नेताओं ने कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है। हालांकि राजद विधायक ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है और क्षेत्र के विकास से संबंधित बातचीत की बात कही है।
बताया शिष्टाचार मुलाकात
फैसल रहमान ने इस मामले की जानकारी खुद ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। सोशल मीडिया पर उन्होंने सीएम नीतीश के साथ मुलाकात की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा है कि ढाका क्षेत्र के सर्वांगीन विकास को लेकर आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के चौमुखी विकास हेतु सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं बुनियादी से जुडी विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। माननीय मुख्यमंत्री जी ने प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया तथा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से ढाका के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।
यह भी पढ़ें - JDU नेता के साथ दिखे RJD MLA फैसल रहमान, पार्टी बदलने के नाम पर कहा...
फैसल रहमान के सीएम नीतीश से मुलाकात के बाद सियासी गलियारे में चर्चा तेज हो गई है। राजद MLC उर्मिला ठाकुर ने कहा कि जब उन्होंने पहले ही पार्टी से गद्दारी कर ही दी है तो अब सीएम से मिलें या प्रधानमंत्री से क्या फर्क पड़ता है। जब उन्होंने पार्टी से गद्दारी कर ही दिया है तो अब किसी से भी मिलें क्या कर सकते हैं। वहीं उन्होंने पार्टी की तरफ से निष्काषित किये जाने की कार्रवाई को लेकर कहा कि हमारे नेता निश्चित रूप से उचित कार्रवाई करेंगे। वहीं उन्होंने फैसल रहमान के पार्टी बदलने के सवाल पर कहा कि उन्होंने धनबल को महत्व देते हुए जनता की भावना और पार्टी को महत्व नहीं दिया।
धनबल के आगे झुक गए फैसल
राजद विधायक फैसल रहमान की पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई पर तेजस्वी यादव की विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर खतरा होने के सवाल पर उर्मिला ठाकुर ने कहा कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ दी। बिहार की जनता की भलाई के लिए वह फांसी पर लटकने के लिए तैयार हैं तो फिर आप नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी की बात कर रहे हैं, इसकी उन्हें कतई परवाह नहीं है।
बता दें कि बुधवार को राजद विधायक फैसल रहमान के आवास पर मुलाकात करने के लिए जदयू के प्रदेश सचिव राजीव रंजन पटेल पहुंचे थे। हालांकि इस दौरान उन्होंने कहा था कि फैसल जी की मां लंबे समय अस्पताल से घर आई हैं तो मैं उनका हाल चाल जानने आया हूँ, क्योंकि इनके साथ हमारा पारिवारिक संबंध लंबे समय से है। इस दौरान उन्होंने फैसल रहमान के पार्टी बदलने के सवाल पर कहा था कि इसकी जरूरत ही नहीं है, फैसल रहमान जहां हैं वहां ठीक हैं और वह ढाका की जनता की भलाई के लिए काम कर रहे हैं। बता दें कि फैसल रहमान राजद में रहते हुए 16 मार्च को विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं किया था और पूछने पर उन्होंने कहा था कि मेरी मां की तबियत खराब थी जिसे लेकर मैं अस्पताल चला गया था। मेरे लिए मां से बढ़ कर कुछ भी नहीं है इसलिए हमने मतदान से अधिक वैल्यू मां की तबियत को दी।
यह भी पढ़ें - विधानसभा की समितियों में बाहुबली धूमल सिंह और अनंत सिंह भी शामिल, RJD-कांग्रेस के बागी विधायकों को भी मिला...
पटना से विशाल कुमार की रिपोर्ट