77वां गणतंत्र दिवस पटना में हर जगह गूंजा तिरंगे का जश्न: प्रेम कुमार ने विधानसभा में तिरंगा फहराया, लालू यादव ने अकेले झंडा फ़हराया
आज पूरे देश के साथ-साथ बिहार में भी 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यभर में सरकारी भवनों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों और प्रमुख स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। गणतंत्र दिवस के मौके पर बिहार विधानसभा में स्पीकर प्रेम कुमार ने तिरंगा फहराया। इसके बाद विधान परिषद में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने ध्वजारोहण किया। वहीं मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

राजधानी पटना में सुबह से ही माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। शहर के कई इलाकों में राजनीतिक दलों के कार्यालयों और सरकारी परिसरों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जेडीयू, बीजेपी, राजद और हम जैसे प्रमुख दलों के प्रदेश कार्यालयों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों ने तिरंगा फहराया। पटना के एक पोलो रोड स्थित तेजस्वी आवास में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने ध्वजारोहण किया। वहीं राबड़ी आवास सहित पार्टी के अन्य दफ्तरों में भी झंडोत्तोलन किया गया। पटना स्थित राजद कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मांगनी लाल मंडल ने तिरंगा फहराया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोह जनशक्ति पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने झंदोतोलन किया।
जेडीयू कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया और देशभक्ति के नारे लगाए। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान को खास तौर पर सजाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों को चार सेक्टरों में बांटा गया है। यहां कुल 136 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी, महिला बल, लाठी बल और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रगान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे।