पूर्णिया: पूर्णिया में स्थित GMCH में एक मरीज के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा कर जम कर हंगामा, तोड़फोड़ और डॉक्टरों के साथ मारपीट भी की। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित की वहीं हंगामा करने वाले लोग मौके से भाग निकले। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कैंसर से पीड़ित एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा और तोड़फोड़ किया साथ ही उन्होंने जूनियर डॉक्टर के साथ मारपीट भी की। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं मरीज एवं उनके परिजनों के बीच भगदड़ की स्थिति रही।
घटना को लेकर जीएमसीएच अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि कुछ लोग कैंसर पीड़िता एक महिला रीना देवी को इलाज के लिए लेकर आये थे। डॉक्टरों ने जब उनकी जांच की तो वह मृत पाई गई जिसके बाद अचानक कुछ बाहर लोग जो पहले से ही लाठी डंडे लेकर आये थे जूनियर डॉक्टर सुमित कुमार और मनीषा कुमारी के ऊपर हमला कर दिया। लोगों ने उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया। इस दौरान लोगों ने इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ भी की। आनन फानन में पुलिस को मामले की सूचना दी गई और जब पुलिस पहुंची तो हमलावर भाग निकले।
यह भी पढ़ें - आज दिल्ली जाएंगे CM सम्राट, PM से कर सकते हैं मुलाकात
अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि ऐसे ही कुछ असामाजिक तत्वों ने एक दिन पहले भी अस्पताल परिसर में घुस कर मारपीट और हंगामा किया था। मामले को लेकर IMA सचिव डॉ विकास कुमार ने कहा कि लाइन बाजार में स्थित कुछ अस्पताल संचालक दलाल के माध्यम से असामाजिक तत्वों को GMCH में भेज कर इस तरह की घटना को अंजाम दिला रहे हैं ताकि मरीज यहां न आये और उनके अस्पतालों में इलाज के लिए जाएँ। इस तरह की घटनाओं से मरीज एवं उनके परिजनों में दहशत का माहौल है जबकि परेशानी भी बढती है। GMCH में मौजूद अन्य लोगों ने भी इस बात की पुष्टि की कि हमलावर मृत हालत में ही मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचे थे और डॉक्टरों के साथ मारपीट करते हुए हंगामा करने लगे।
यह भी पढ़ें - राजधानी पटना में बदमाशों में नहीं है पुलिस का खौफ, VVIP इलाके में महिला से छिनतई