बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की हत्या कर डी. मामला कटेया थाना क्षेत्र के गौर गांव का है. मृतिका की पहचान मोनिका कुमारी के रूप में हुई है, जो जनार्दन कंकर की पुत्री थी. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : चांदी में भारी गिरावट, सोना भी फिसला... खरीदारी का सही मौका या बड़ा खतरा

सूत्रों के अनुसार, मोनिका के प्रेम सम्बन्ध को लेकर उसके पिता काफी समय से नाराज चल रहे थे। इसी बात को लेकर घर में लगातार तनाव बना हुआ था। रविवार की देर शाम भी पिता और बेटी के बीच इसी मुद्दे पर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर पिता ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी लोहे की रॉड से बेटी के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना घातक था कि मोनिका मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घर के अंदर हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें : सुबह-सुबह नालंदा में NIA की ताबड़तोड़ रेड…हथियार तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।