देश में इंधन और LPG की कमी पर केंद्र सरकार ने जारी किया बयान, बिहार के डिप्टी सीएम ने भी कहा...
नई दिल्ली/पटना: ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध की वजह से अब समुद्री मार्ग से कच्चे तेल की आपूर्ति पर संकट बढ़ने लगा है। इस वजह से देश में डीजल-पेट्रोल के साथ ही रसोई गैस के किल्लत की खबरें बड़ी तेजी से फ़ैल रही है। इस खबर से पूरे देश भर में लोगों के बीच अफरातफरी का माहौल है। डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस की कमी को लेकर विपक्ष भी सरकार पर हमलावर है। वहीं अब इस मामले में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्थिति साफ की है।
मामले को लेकर मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने मीडिया को जानकारी दी कि कच्चे तेल की आपूर्ति स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज के अलावा अन्य मार्गों से भी की जा रही है। हमारी गैस कंपनियों ने नए सोर्स से LNG कार्गो (मीथेन गैस) खरीदे हैं। दो LNG भारत आ रहे हैं जिससे हम लोगों की डिमांड पूरा कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि अभी हमारे पास हर दिन करीब 55 लाख बैरल क्रूड ऑयल है। यह सामान्य स्थिति से बेहतर आंकड़ा है। हमारी कंपनियां और सरकार ने सप्लाई सोर्स बढ़ाने पर काम किया है और अन्य सोर्स से भी LNG कार्गो खरीदे हैं। हमारे पास इंधन की फ़िलहाल कोई कमी नहीं है। अभी हमारे पास देश की डिमांड पूरा करने के लिए तेल की सप्लाई भी पर्याप्त मात्रा में मौजूद है।
यह भी पढ़ें - IGIMS अस्पताल के डॉक्टरों ने रचा इतिहास, रोबोटिक सर्जरी से की...
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार की हरसंभव कोशिश रही है कि आम आदमी को रसोई गैस की कमी न हो और इसी वजह से अभी LPG सिर्फ घरेलू उपयोग के लिए दिया जा रहा है। कमर्शियल LPG के लिए हॉस्पिटल और एजुकेशनल इंस्टिट्यूशन जैसे जरूरी सेक्टर को प्राथमिकता दी जा रही है।
बिहार के डिप्टी सीएम ने भी दिलाया भरोसा
इसके साथ ही बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने भी राज्य में मची अफरातफरी के बीच मीडिया से बात करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे हालत पर नजर बनाये हुए है और जहां थोड़ी बहुत परेशानी सामने आ रही है उसे भी ठीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही घबराएं, सरकार पूरी नजर बनाये हुए है, आपको इंधन के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि कुछ इलाकों में थोड़ी बहुत दिक्कत जरुर सामने आ सकती है लेकिन यह अस्थायी स्थिति है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों को कहीं कोई दिक्कत नहीं होगी।
यह भी पढ़ें - बिहार में राजस्व विभाग नई व्यवस्था की कर रही तैयारी, इस काम में लगाया जायेगा AI...