रात 10:20 बजे सहरसा में खौफनाक वारदात: थार सवार युवक पर अंधाधुंध 12 गोलियां बरसाईं
सहरसा सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को बाइक पर सवार पांच अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर एक युवक की जान ले ली। मृतक की पहचान 29 वर्षीय सतीश कुमार झा उर्फ छोटू मिश्रा के रूप में हुई है, जो विद्यापति नगर वार्ड नंबर 32 के निवासी थे। सतीश के पिता आर्मी से रिटायर्ड हैं और वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे।
घटना रात लगभग 10:20 बजे तब हुई जब सतीश अपने थार वाहन से घर लौट रहे थे और मीरा टॉकीज सिनेमा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने मौके पर पहुंचकर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। सतीश के शरीर के कई हिस्सों में करीब 12 गोलियां लगीं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: हो जाएँ सावधान !! नौबतपुर में बच्चों सहित 50 लोग चिकन पॉक्स से पीड़ित
सतीश के साथ वाहन में तीन अन्य युवक भी थे, जिनके नाम रोशन कुमार सिंह, सुमित कुमार सिंह और गांधी कुमार यादव बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी उन्हीं तीनों ने डायल 112 को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वे फरार हो गए। एसडीपीओ सहरसा सदर आलोक कुमार ने बताया कि घटनास्थल से 7 खोखा 9 एमएम, 5 खोखा एमएम और 3 पिकेट कुल 15 खोखा बरामद किए गए हैं। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने जांच की और डॉग स्क्वायड की मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: एक लाख रोजगार और युवाओं की वापसी: बिहार में बनने जा रही हाईटेक सिटी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना पुराने विवाद के चलते हुई हो सकती है। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच चल रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। सतीश की मौत से परिवार में शोक की लहर है और इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।