नौबतपुर प्रखंड के गोपालपुर गांव के दलित टोला में पिछले हफ्ते से चिकन पॉक्स का प्रकोप सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक लगभग 30 परिवारों के 50 से अधिक लोग, जिनमें अधिकांश बच्चे हैं, इस संक्रमण से प्रभावित पाए गए हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की गंभीर कमी की ओर ध्यान दिलाया है। गांव के सुनील शर्मा का कहना है कि शुक्रवार को तीन मरीजों को लेकर लोग नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्हें उचित इलाज नहीं मिला। वहीं संतोष कुमार ने बताया कि उनके परिवार के छह लोग चिकन पॉक्स से प्रभावित हैं, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में कैंप कर चुकी है और प्रभावित लोगों की जांच और इलाज शुरू कर दिया गया है। आशा कार्यकर्ता रजनी कुमारी ने बताया कि मरीजों की सूची और जानकारी अस्पताल प्रभारी को सौंप दी गई है। एएनएम पुष्पा ने कहा कि गोपालपुर की एएनएम चंद्रावती कुमारी छुट्टी पर हैं, इसलिए उन्हें इस क्षेत्र का प्रभार दिया गया है। आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित टीकाकरण जारी है और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: एक लाख रोजगार और युवाओं की वापसी: बिहार में बनने जा रही हाईटेक सिटी
नौबतपुर रेफरल अस्पताल की प्रभारी डॉ. रीना कुमारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले पर पूरी तरह नजर रखे हुए है और मेडिकल टीम गांव में सक्रिय है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है, घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, संक्रमण से बचाव के लिए दूरी बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित क्षेत्र के सभी निवासियों का हेल्थ चेकअप किया जाएगा और समय-समय पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
यह भी पढ़ें: गया में छात्रा को नशीला पदार्थ सुंघाकर ले गए युवक, दुष्कर्म का आरोप