गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की मां के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा की उम्र करीब 13 वर्ष है और वह गुरुवार दोपहर परीक्षा देकर अपनी सहेली के साथ सरकारी विद्यालय से घर लौट रही थी। रास्ते में सुनसान जगह पर चार युवक उनके पीछे लग गए। आरोप है कि युवकों ने छात्रा के मुंह पर नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसे करीब एक किलोमीटर दूर ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: दानापुर मंडल में महिला रेलकर्मियों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य के लिए 67 कर्मचारी सम्मानित
घटना की जानकारी छात्रा की सहेली ने गांव पहुंचकर परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग उसे खोजने निकल पड़े। कुछ दूरी पर छात्रा बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों के अनुसार, आरोपित जाते समय छात्रा को किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी देकर फरार हो गए। घर लाने के बाद जब छात्रा को होश आया तो परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए गया के महिला अस्पताल भेजा गया। साथ ही न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: इन राशियों के लिए बन रहे तरक्की के योग, कुछ को रहना होगा सतर्क
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फारेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने साक्ष्य जुटाए हैं। फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तीन नामजद और एक अज्ञात युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।