PMCH में भर्ती सांसद पप्पू यादव की सेहत पर अस्पताल प्रशासन ने दिया ताजा अपडेट।
PMCH के सुपरिंटेंडेंट डॉ. राजीव कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पप्पू यादव का प्रारंभिक मेडिकल परीक्षण किया जा चुका है और फिलहाल उनका अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पप्पू यादव पहले भी इंदिरा गांधी इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IGIMS) में इलाज कराते रहे हैं। यदि चिकित्सकीय जांच में इसकी आवश्यकता महसूस होती है, तो उन्हें IGIMS शिफ्ट किया जा सकता है। हालांकि, फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: पटना में हाईवोल्टेज ड्रामा: सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, सिर में चोट के बाद PMCH में भर्ती
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सांसद के सिर में चोट की शिकायत के बाद उन्हें एहतियातन PMCH लाया गया है, ताकि सभी जरूरी जांचें समय पर की जा सकें। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पप्पू यादव को किसी तरह की गंभीर समस्या नहीं है, लेकिन पूरी सतर्कता बरती जा रही है। इससे पहले पप्पू यादव को पटना पुलिस द्वारा IGIMS से PMCH लाया गया था, जिसके बाद से उनकी सेहत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। समर्थकों और शुभचिंतकों की ओर से लगातार उनकी हालत को लेकर जानकारी ली जा रही है।
यह भी पढ़ें: आखिरकार पुलिस ने पप्पू यादव को कर ही लिया गिरफ्तार, समर्थकों ने जम कर किया हंगामा और धक्का मुक्की भी...
डॉ. राजीव कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल पप्पू यादव डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।