पटना: जलवायु परिवर्तन पृथ्वी के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। जैसे हम बीमार पड़ते हैं, तो हमारा शरीर उल्टा काम करना शुरू कर देता है, ठीक वैसे ही हमारी धरती जब बीमार पड़ती है, तो जरूरत से ज्यादा गर्मी, सर्दी और बेमौसम बरसात देखने को मिलता है। इसके लिए हमसभी ही जिम्मेदार हैं। ये बातें गुरुवार को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के माननीय मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने अरण्य भवन में आयोजित बैठक में कही। 

राज्य के पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र में कार्यरत गैर सरकारी संगठनों के साथ पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित इस बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वनीकरण, जैव विविधता संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर गैर सरकारी संगठनों की ओर से किए जा रहे कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा उनके अनुभवों और सुझावों को साझा किया गया। विभागीय मंत्री प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गैर सरकारी संस्थाओं को विभाग की योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निर्देशित किया गया। 

यह भी पढ़ें      -    अब अगर की मनमानी तो पुलिसकर्मियों का होगा डिमोशन, DGP ने सभी एसपी को दिया निर्देश...

विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एनजीओ के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाए तथा उनके सुझावों को योजनाओं के क्रियान्वयन में शामिल किया जाए। माननीय मंत्री ने यह भी बताया कि जन-जागरूकता बढ़ाने एवं सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जाय। जन-सहभागिता के बिना पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त करना संभव नहीं है, इसलिए आम जनता को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। इस बैठक में विभिन्न जिलों से आए स्वयंसेवी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा किए और साथ ही उपनी उपलब्धियों के बारे में माननीय मंत्री को बताया। 

इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि राज्य स्तर पर एक समन्वय तंत्र विकसित किया जाएगा, जिसके माध्यम से विभिन्न संगठनों के कार्यों की निगरानी, मूल्यांकन एवं सहयोग सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण से संबंधित नवाचारों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं  को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया। इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग  के वरिष्ठ पदाधिकारी, सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं राज्य के विभिन्न जिलों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

यह भी पढ़ें      -    चौथी बार पूछताछ के लिए CBI की टीम पहुंची जहानाबाद, NEET छात्रा के परिजनों ने नहीं की बात...