जहानाबाद: राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत मामले में CBI लगातार छानबीन कर रही है। CBI की टीम ने हॉस्टल समेत अस्पताल और छात्रा के घर समेत अन्य कई जगहों पर छानबीन के लिए पहुंची जबकि कई लोगों से पूछताछ भी की। गुरुवार को CBI की तीन सदस्यीय टीम चौथी बार नीट छात्रा के जहानाबाद स्थित घर पहुंची। वहां करीब आधा घंटा तक रुकने के बाद CBI की टीम वापस पटना लौट आई।

मामले में बताया जा रहा है कि CBI की टीम से बात करने से छात्रा के परिजनों ने मना कर दिया। इस दौरान छात्रा के पिता ने कहा कि हमलोगों को अब किसी भी जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं रहा। ये लोग सिर्फ टार्चर करने आते हैं। इससे पहले भी इनलोगों ने 3 बार हमसे पूछताछ की है और हमारा एक भी बयान कोर्ट में इन लोगों ने जमा नहीं किया है। हमने अपनी सारी बातें कोर्ट में लिख कर दी है। सभी जांच एजेंसी सिर्फ खानापूर्ति कर रही है और बार बार हमलोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है। हमें ऐसा प्रतीत हो रहा है कि हमलोग ही अपराधी हैं जबकि असली आरोपी खुलेआम घूम रहा है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा था कि CBI अब तोता बन चुका है वह यहां सच होता दिख रहा है।

यह भी पढ़ें     -      बाहुबली विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत तो गांव में मानी होली और दिवाली, समर्थकों ने कहा...

मामले में स्थानीय लोगों ने भी CBI के प्रति आक्रोश जताते हुए कहा कि ये लोग बार बार आते हैं और हमलोगों को पूछताछ के नाम पर टार्चर करते है। ये लोग जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं और परिवार के लोगों को ही टार्चर करते हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि आज चौथी बार CBI की टीम चौथी बार पूछताछ करने आई थी लेकिन हमलोगों ने किसी भी सवाल का जवाब देने से मना कर दिया और कोई बातचीत नहीं की। हमने कह दिया कि अब जो भी जवाब देना होगा हमलोग सीधे कोर्ट में जवाब देंगे और कोर्ट से ही केस लड़ेंगे। सभी जांच एजेंसी आरोपियों के साथ मिली हुई है और खानापूर्ति कर केस को दबाने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें     -      RJD ने कहा MLA पर होगी कार्रवाई, BJP ने तेजस्वी को दी चुनौती 'है हिम्मत तो..'

जहानाबाद से पवन कुमार की रिपोर्ट