पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में कोर्ट ने जमानत दे दी है। अब कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अनंत सिंह जेल से बाहर आ जायेंगे। उन्हें जमानत मिलने के बाद मोकामा क्षेत्र में उनके समर्थकों में काफी ख़ुशी का माहौल है। इलाके में लोगों ने पटाखे जला कर और एक दूसरे को रंग गुलाल लगाते हुए मिठाई खिला कर ख़ुशी जाहिर की तथा अपने चहेते नेता के बाहर आने की बधाई दी।

इस दौरान समर्थकों ने कहा कि आज हमारे विधायक को न्याय मिल ही गयी और अब वे बाहर आयेंगे। लोगों ने कहा कि अनंत सिंह ने हमेशा ही क्षेत्र के लोगों की सेवा की है और आगे भी करते रहेंगे। अब उनके बाहर आ जाने के बाद इस क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और लोगों के भी दुःख दूर होंगे। इस दौरान लोगों ने उनके ऊपर लगे आरोप को लेकर कहा कि सारे आरोप निराधार हैं और हमारे नेता एवं विधायक अनंत सिंह क्षेत्र की जनता के लिए भगवान के रूप में हैं।

यह भी पढ़ें      -     राज्यसभा चुनाव में हार के लिए तेजस्वी हैं जिम्मेदार, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने दिया सनसनीखेज बयान

इस दौरान लोगों ने अनंत सिंह के अब चुनाव लड़ने की घोषणा पर भी ख़ुशी जाहिर की और कहा कि इतने दिनों तक उन्होंने सेवा की और अब उनकी जगह पर उनके बेटे अभिषेक सिंह जनता की सेवा करेंगे। अभिषेक पढ़े लिखे युवा हैं और काफी समझदार भी हैं। इस बार के चुनाव में भी उन्होंने प्रचार का कमान अपने हाथ में रखा था और क्षेत्र में घूम कर लोगों से आशीर्वाद माँगा था।

अनंत सिंह को जमानत मिलने के मामले में लोगों ने कहा कि अभी हमलोग काफी खुश हैं। जब वह जेल से बाहर आ जायेंगे तो हमलोग और भी अधिक खुशियाँ मनाएंगे। लोगों ने कहा कि लोग साल भर में एक बार होली मनाते हैं लेकिन हमलोग महज 15 दिनों में दूसरी बार होली मनाने जा रहे हैं। हमारे विधायक गांव हो या शहर सभी जगह के लोगों के दिल में बसते हैं और उनका जेल से आना न्याय की जीत है।

बता दें कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अनंत सिंह के काफिले का टकराव जन सुराज के प्रत्याशी के काफिले के साथ हो गई थी। इस दौरान जन सुराज प्रत्याशी के एक समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी जिसके बाद परिजनों ने अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया था। हत्या का आरोप लगने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और अब करीब पांच महीने बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दी है जिसके बाद समर्थकों का उत्साह चरम पर है।

यह भी पढ़ें      -      दिल्ली जाने के बाद भी बिहार की राजनीति में चलेगा नीतीश का सिक्का, सम्राट को सीएम बनाये जाने की बात मांझी ने कही बड़ी बात...

बाढ़, पटना से कृष्णदेव की रिपोर्ट