बिहार के सुपौल जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। पिपरा थाना क्षेत्र की एक महादलित महिला ने 18 साल तक शोषण झेलने के बाद अब घर लौटकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता, जो अब करीब 30 साल की हो चुकी है, ने आरोप लगाया है कि जब वह महज 12 साल की थी, तब उसका अपहरण कर लिया गया था। वह अपने नाना के घर जा रही थी, तभी एक महिला ने उसे बातों में उलझाया और इसी दौरान कुछ लोग जबरन उसे गाड़ी में बैठाकर ले गए। पीड़िता के मनिक, उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया और जब होश आया तो वह सिलीगुड़ी के इस्लामपुर में थी।
यह भी पढ़ें: मोकामा में फिर सुलग रहा विवाद! सोनू गैंग ने दी खुली अनंत सिंह को खुली चुनौती ...पूरी खबर पढ़ें
आरोप है कि वहां उसे एक लाख रुपये में बेच दिया गया, जहां दो साल तक उससे घरेलू काम कराया गया। इसके बाद उसे शादी का झांसा देकर फिर से बेच दिया गया और किशनगंज ले जाया गया। वहां विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने आगे बताया कि कुछ समय बाद उसे फारबिसगंज में एक व्यक्ति को बेच दिया गया, जहां उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और उसका नाम बदलकर रिंकी से हिना खातून कर दिया गया। इसके बाद उसे देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया गया।
यह भी पढ़ें: भोजपुर में हैरान करने वाली घटना : पिता ही बन गया बेटी के मौत की वजह …. पूरी खबर पढ़ें
इस दौरान पीड़िता तीन बार गर्भवती हुई। आरोप है कि दो बार उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि तीसरी बार उसने एक बेटे को जन्म दिया, जो अब करीब 10 साल का है। पीड़िता के मुताबिक, फरवरी महीने में जब वह बीमार पड़ी, तो आरोपी उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जा रहा था। रास्ते में एम्बुलेंस चालक को उसने अपनी आपबीती सुनाई। चालक की मदद से उसने अपने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद उसकी बहन और जीजा अस्पताल पहुंचे और उसे वहां से मुक्त कराकर घर ले आए।
पीड़िता ने एक लिखित आवेदन पिपरा थाना में देकर न्याय की गुहार लगाई है, पीड़िता के लिखित आवेदन पर पिपरा थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इसके बाद पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: दुलारचंद हत्याकांड में विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से मिली राहत
सुपौल के अमरेश कुमार की रिपोर्ट




